ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार/ परिष्कार जयपुर। आंगनबाड़ी केंद्रों पर 3-6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शाला पूर्व शिक्षा उपलब्ध कराने हेतु महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 24 जून से 1 जुलाई तक विशेष अभियान चलाया जा है।
समेकित बाल विकास सेवाएं (आईसीडीएस) निदेशक वासुदेव मालावत ने बताया कि बुधवार से आरम्भ इस अभियान के तहत सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर “खिलौना बैंक” की स्थापना के साथ “प्रवेशोत्सव एवं पौधारोपण ” कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
आईसीडीएस निदेशक ने बताया कि जनसहभागिता से खिलौने जुटाकर बच्चों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में नामांकन वृद्धि करने के लिए 24 से 30 जून तक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका अपने क्षेत्र में गृह संपर्क कर समुदाय को “खिलौना बैंक” और नामांकन की जानकारी देंगी। 3 से 6 वर्ष के छूटे हुए बच्चों का चिन्हीकरण कर अभिभावकों को 1 जुलाई के कार्यक्रम हेतु आमंत्रित करेंगी। जिन बच्चों के लिए खिलौने अब उपयोगी नहीं रहे, आंगनबाड़ी के छोटे बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं मनोवैज्ञानिक विकास हेतु उनसे खिलौने एकत्रित किए जाएंगे। प्रत्येक केंद्र पर 10-20 सुरक्षित खिलौने एकत्र करने का लक्ष्य रखा गया है।
1 जुलाई को प्रातः 9 बजे सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर “खिलौना बैंक” का शुभारम्भ होगा। साथ ही “प्रवेशोत्सव” में 3-6 आयुवर्ग के बच्चों का आंगनबाड़ी में पंजीकरण किया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, पंचायती राज प्रतिनिधि, स्वयंसेवी संस्थाएँ, अभिभावक एवं बच्चे उपस्थित रहेंगे। खिलौना भेंटकर्ताओं को विभाग की ओर से “धन्यवाद-पत्र” प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम के उपरान्त आंगनबाड़ी केंद्रों एवं निकटवर्ती स्थानों पर पौधारोपण भी किया जाएगा।