
ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार/ परिष्कार पत्रिका जयपुर। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर द्वारा आज घोषित कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम में महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, कावेरी पथ मानसरोवर (जयपुर) के छात्र-छात्राओं ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया। विद्यालय का परीक्षा परिणाम 100% रहा, जिससे विद्यालय ने अपना उत्कृष्ट परिणाम का इतिहास दोहराया। विद्यालय की छात्रा अनामिका यादव एवं छात्रा गुनिशा शर्मा ने 93.50% अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से श्रेष्ठ प्रदर्शन किया। वहीं प्रिंस कुमार बसेटा ने 93.17% अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया।
उल्लेखनीय है कि विद्यालय का परिणाम पिछले कई वर्षों से निरंतर उत्कृष्ट रहा है, जो इस वर्ष भी कायम रहा।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी छात्र-छात्राओं का विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित कर तिलक एवं माल्यार्पण के साथ सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. धर्मपाल सिंह, समस्त विद्यालय स्टाफ, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य एवं अनेक अभिभावक उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य डॉ. धर्मपाल सिंह ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं अभिभावकों के सहयोग का परिणाम बताया। विशेष उल्लेखनीय है कि विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्रा अनामिका यादव का हाल ही में इंस्पायर अवार्ड के अंतर्गत जापान दौरे के लिए चयन हुआ है, जो विद्यालय के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं तथा आगे भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।