सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने राज्य एवं जिला स्तरीय अंबेडकर पुरस्कार-2026 के लिए मांगे आवेदन

Spread the love

राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए 28 मार्च और जिला स्तरीय पुरस्कार के लिए 5 अप्रैल तक किए जा सकेंगे आवेदन,राज्य स्तर पर पुरस्कृत होने वाले व्यक्ति को मिलेगा 1 लाख रुपए तक का नगद पुरस्कार

ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार/ परिष्कार पत्रिका जयपुर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत के निर्देश पर विभाग ने वर्ष-2026 के राज्य एवं जिला स्तरीय अंबेडकर पुरस्कार के लिए योग्य अभ्यर्थियों से आवेदन मांगे हैं। राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए 28 मार्च और जिला स्तरीय पुरस्कार के लिए 5 अप्रैल, 2026 तिथि निर्धारित की गई है। 

निदेशक एवं संयुक्त शासन सचिव आशीष मोदी ने बताया कि भारत रत्न बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती (14 अप्रैल 2026) के अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति जिला एवं राज्य स्तरीय अंबेडकर पुरस्कार-2026 दिए जाने हैं। उन्होंने बताया कि पात्र व्यक्ति निर्धारित प्रपत्र में 28 मार्च 2026 तक डाक अथवा व्यक्तिश आवेदन जमा करवा सकता है।

मोदी ने बताया कि जिला स्तरीय आवेदन संबंधित जिले के कार्यालय में जमा कराए जा सकते हैं, जबकि राज्य स्तरीय आवेदन निदेशालय, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग जयपुर में जमा कराए जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि पात्रता एवं अन्य जानकारियों के लिए आवेदक विभाग की वेबसाइट देख सकते हैं।

निदेशक ने बताया कि गत वर्षों में पुरस्कृत संस्था या व्यक्ति आवेदन नहीं करें। उन्होंने बताया कि आवेदन पत्र विभाग की वेबसाइट www.sje.rajasthan.gov.in एवं जिले के जिलाधिकारी सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर चयनित व्यक्ति को पुरस्कार के रूप में केवल प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा, जबकि राज्य स्तर पर अंबेडकर सामाजिक सेवा पुरस्कार के लिए 1 लाख रुपए, अंबेडकर महिला कल्याण पुरस्कार के लिए 51 हजार रुपए तथा अंबेडकर न्याय पुरस्कार के लिए 51 हजार रुपए एवं प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *