करंट से झुलसकर लाइनमैन की मौत, ठेकेदार और एईएन पर लापरवाही का मुकदमा दर्ज, बिना सुरक्षा इंतजाम ट्रांसफार्मर पर चढ़ाया, शटडाउन के बावजूद चालू हुई बिजली; परिवार ने लगाया मौत को दबाने का आरोप

Spread the love

ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार/ परिष्कार जयपुर। जयपुर के हरमाड़ा थाना क्षेत्र में बिजली विभाग और ठेकेदार की लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। दौसा जिले के टीकरी कलाणोत निवासी गोपाल सिंह की ट्रांसफार्मर पर काम करते समय करंट लगने से मौत हो गई। मृतक के पुत्र हुकुम सिंह की रिपोर्ट पर पुलिस ने ठेकेदार राजेंद्र प्रसाद शर्मा और एईएन राजेश गुप्ता सहित संबंधित लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट के अनुसार गोपाल सिंह को बड़पीपली स्थित पावर हाउस में काम के लिए बुलाया गया था। आरोप है कि मौके पर न तो कोई सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए और न ही पर्याप्त सेफ्टी इंतजाम किए गए। अधिकारियों ने शटडाउन होने और बिजली सप्लाई बंद रहने का भरोसा देकर उन्हें ट्रांसफार्मर पर चढ़ाया, लेकिन कुछ ही देर बाद लाइन में अचानक करंट प्रवाहित हो गया। तेज झटके से गोपाल सिंह नीचे गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद भी घायल को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया गया और पूरे मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। एक ओर जहां परिवार अपने मुखिया को खो चुका है, वहीं दूसरी ओर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब निगाहें राज्य सरकार, विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों और पुलिस प्रशासन पर टिकी हैं कि आखिर इस लापरवाही के दोषियों पर कब और कितनी सख्त कार्रवाई होती है। एक चूक ने एक परिवार की दुनिया उजाड़ दी है और अब न्याय की मांग तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *