
ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार/ परिष्कार पत्रिका जयपुर। 80 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चौगान स्टेडियम, जयपुर में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में विश्व चैंपियन इनाया ख़ान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्व विजेता बनने की उपलब्धि एवं सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए जिला स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ रहे। इस अवसर पर सांसद मंजू शर्मा, विधायक बालमुकुंद आचार्य, जिला कलेक्टर संदेश नायक सहित अनेक गणमान्यजन, अधिकारी एवं हजारों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ एवं जिला कलेक्टर संदेश नायक ने इनाया ख़ान को प्रशंसा पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। महज 14 वर्ष की उम्र में इनाया ख़ान ने अमेरिका में आयोजित रोबोफेस्ट विश्व चैंपियनशिप 2026 में प्रथम स्थान प्राप्त कर विश्व विजेता बनने का गौरव हासिल किया। इसके साथ ही वे बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, बालिका शिक्षा एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यों में भी सक्रिय योगदान दे रही हैं। शकील ख़ान ने कहा कि इनाया की उपलब्धि जयपुर ही नहीं, बल्कि पूरे राजस्थान के लिए गौरव का विषय है। इतनी कम उम्र में विश्व विजेता बनकर उन्होंने अन्य बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणा प्रस्तुत की है। सम्मान प्राप्त करने के बाद इनाया ख़ान ने कहा, बेटियों को अवसर, शिक्षा और प्रोत्साहन मिले तो वे अपनी प्रतिभा और मेहनत से हर क्षेत्र में आगे बढ़कर देश का नाम विश्व पटल पर रोशन कर सकती हैं। इनाया की उपलब्धि पर परिवार, गुरु एवं मार्गदर्शकों तथा शुभचिंतकों ने खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।