डबल इंजन के बाद अब राजस्थान में ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

Spread the love

जनाकांक्षा के अनुरूप होगा प्रत्याशी चयन, भाई-भतीजावाद और पक्षपात की कोई जगह नहीं : मदन राठौड़

निकाय चुनाव को लेकर भाजपा ने कसी कमर, विकास और सुशासन के आधार पर प्रचंड जीत का संकल्प………..

ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार/ परिष्कार पत्रिका जयपुर।  आगामी स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मदन राठौड़, प्रदेश संगठन महामंत्री अजय, निकाय चुनाव प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी, राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद गजेंद्र सिंह पटेल, राष्ट्रीय मंत्री एवं सांसद संगीता यादव, राष्ट्रीय मंत्री रोहन गुप्ता, महाराष्ट्र सरकार में मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, दिल्ली सरकार में मंत्री रविंदर इंद्राज सिंह सहित प्रदेश निकाय चुनाव की संभाग टीम, मेनिफेस्टो टीम, संभाग प्रभारी एवं सह प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी निकाय चुनाव की तैयारियों, बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता, प्रत्याशी चयन, चुनावी रणनीति, स्थानीय मुद्दों तथा केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। बैठक में स्पष्ट किया गया कि भाजपा निकाय चुनाव में सरकार के विकास कार्यों, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाएगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान सरकार ने अपने ढाई वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश को विकास की नई दिशा देने का काम किया है। सरकार की उपलब्धियां केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि योजनाओं और परियोजनाओं को धरातल पर उतारने का काम तेजी से हुआ है। युवाओं को रोजगार, किसानों का कल्याण, महिलाओं का सशक्तिकरण, जल उपलब्धता, निवेश और आधारभूत ढांचे के विकास को सरकार ने अपनी प्राथमिकताओं में रखा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 1 लाख 89 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां देने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। राजस्थान की जल आवश्यकताओं को देखते हुए यमुना जल समझौता और राम जल सेतु जैसे ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं। राजस्थान की प्यासी धरती तक पानी पहुंचाने के लिए किए जा रहे ये प्रयास आने वाले समय में प्रदेश के लिए मील का पत्थर साबित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में निवेश का वातावरण लगातार मजबूत हुआ है। लगभग 35 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों में से करीब 9 लाख करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर उतरने की दिशा में आगे बढ़ चुके हैं। सरकार किसान, युवा और महिला सहित प्रत्येक वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर काम कर रही है। किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को बढ़ी हुई राशि 9000 रूपय उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान प्रदेश में व्याप्त कुशासन और भ्रष्टाचार के स्थान पर भाजपा सरकार ने सुशासन और लोककल्याण की सरकार स्थापित की है। निकाय चुनाव में भाजपा सरकार के इन्हीं कार्यों और उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बैठक के बाद प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन हर समय चुनाव के लिए तैयार रहता है। आगामी निकाय चुनावों को लेकर पार्टी की बूथ स्तर तक तैयारी है और कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं।
उन्होंने कहा, स्थानीय स्तर पर जिसका जनता के बीच प्रभाव होगा, जो संगठन के प्रति समर्पित होगा और जिसे जनता का विश्वास प्राप्त होगा, उसे अवसर दिया जाएगा। युवा, महिला और कमजोर वर्गों की भी प्रत्याशी चयन और चुनावी प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित होगी।
मदन राठौड़ ने कहा कि प्रत्याशी चयन में किसी प्रकार का भाई-भतीजावाद, पक्षपात या व्यक्तिगत दबाव स्वीकार नहीं किया जाएगा। जनाकांक्षा के अनुरूप और जीत की क्षमता रखने वाले उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। पार्टी का प्रयास रहेगा कि जनता जिस व्यक्ति को अपना प्रतिनिधि देखना चाहती है, उसे ही चुनाव मैदान में उतारा जाए।

मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान विकास की नई गति से आगे बढ़ रहा है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं ने आमजन के जीवन में व्यापक बदलाव किया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, आवास, पेयजल, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के रोजगार सहित प्रत्येक क्षेत्र में सरकार ने महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों को आवास, स्वच्छ भारत अभियान के माध्यम से करोड़ों शौचालय, उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों महिलाओं को गैस कनेक्शन तथा नल से जल पहुंचाने के अभियान ने देश के विकास को नई दिशा दी है। स्टार्टअप के क्षेत्र में 2.2 लाख से अधिक स्टार्टअप के माध्यम से युवाओं के लिए नए अवसर पैदा हुए हैं और रोजगार मेलों के माध्यम से लाखों युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।
मदन राठौड़ ने कहा, भारतीय जनता पार्टी इन्हीं विकास कार्यों और जनकल्याण की योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाएगी। हमें पूर्ण विश्वास है कि राजस्थान की जनता स्थानीय निकाय चुनाव में भी भाजपा को अपना आशीर्वाद और समर्थन देगी।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मदन राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस के पास जनता के सामने रखने के लिए कोई ठोस उपलब्धि नहीं है। कांग्रेस आज भी गुटबाजी में उलझी हुई है। जब उसकी सरकार थी, तब भी आपसी खींचतान और गुटबाजी हावी थी और आज भी वही स्थिति दिखाई दे रही है।
उन्होंने कहा, कांग्रेस के पास जनता को बताने के लिए कुछ नहीं है। जनता उसके कुशासन और भ्रष्टाचार को देख चुकी है। इसके विपरीत भाजपा सरकार विकास, सुशासन और लोककल्याण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।
मदन राठौड़ ने कहा कि राजस्थान की जनता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व पर पूरा भरोसा है। भाजपा कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों को लेकर घर-घर जाएंगे और जनता से समर्थन मांगेंगे।
केंद्र, राज्य और स्थानीय निकाय तीनों स्तरों पर भाजपा की सरकार होने से विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक तेजी से पहुंचेगा।
मदन राठौड़ ने विश्वास जताया कि आगामी स्थानीय निकाय चुनाव में राजस्थान की जनता भाजपा के विकास और सुशासन के मॉडल पर विश्वास जताते हुए पार्टी को भारी बहुमत से विजयी बनाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *