“जागृति सप्ताह” के माध्यम से बालिकाओं को मिला सशक्तीकरण का संदेश, सुरक्षा व अधिकारों के प्रति बढ़ी जागरूकता

Spread the love

ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार/ परिष्कार पत्रिका जयपुर। महिला अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केन्द्र के तत्वावधान में 6 से 11 अप्रैल तक आयोजित “जागृति सप्ताह” के अंतर्गत जयपुर जिले में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में जागृति सप्ताह के पांचवें एवं छठे दिवस पर महाराजा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, चौड़ा रास्ता एवं एम.जी.जी.एस. विशिष्ट एन.वी.डी. बाल मंदिर, महावीर मार्ग, जयपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुए। कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के प्रावधानों की जानकारी दी गई तथा इसके दुष्परिणामों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा संचालित महिला एवं बालिका कल्याण योजनाओं तथा उनके लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में भी अवगत कराया गया।

परामर्शदाताओं ने बालिकाओं को कौशल विकास एवं स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी देते हुए आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही आत्मरक्षा तकनीकों, आपातकालीन सुरक्षा उपायों, प्राथमिक उपचार एवं जीवन रक्षक सेवाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनों, महिला सुरक्षा एवं सलाह केन्द्र, वन स्टॉप सखी केन्द्र तथा चाइल्ड हेल्पलाइन सहित आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 1098, 112, 1090, 181 एवं 1930 की जानकारी भी साझा की गई। बढ़ते साइबर अपराधों को ध्यान में रखते हुए डिजिटल सुरक्षा विषय पर भी विशेष चर्चा की गई।

इस अवसर पर परामर्शदात्री सलोनी रावत द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी साझा करते हुए बालिकाओं को जागरूक एवं सशक्त बनने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *