
जिला स्तरीय रोजगार उत्सव का हुआ आयोजन
ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार/ परिष्कार जयपुर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार ज़िला प्रशासन एव शिक्षा विभाग के तत्वाधान में शनिवार को नगर परिषद परिसर में ज़िला स्तरीय रोजगार उत्सव आयोजित किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान विधानसभा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने नवनियुक्त कार्मिकों को वेलकम किट प्रदान की।
मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि देश के युवा जीवन में एक निश्चित लक्ष्य निर्धारित करते हुए अपनी रूचि व क्षमता के अनुरूप परिश्रम करते हुए उज्जवल पहचान बनाएं। उन्होंने कहा कि युवा एस्पिरेन्ट्स सरकारी जॉब्स को हासिल करने के प्रयास के साथ ही अच्छी शिक्षा प्राप्त करते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, एंटरप्रेन्योरशिप,साइंटिफिक रिसर्च आदि क्षेत्र में उज्जवल करियर बनाएं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं राज्य के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत व विकसित राजस्थान के निर्माण की दिशा में निरंतर प्रगतिरत है। इसी क्रम में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020, नव जीएसटी रिफॉर्म्स, ईआरसीपी पेयजल परियोजना, जयपुर मेट्रो प्रोजेक्ट फेज द्वितीय, देश के मेट्रोपोलिटन नगरों के साथ ही टियर 2, टियर 3 शहरों में भी सिविल एयरपोर्ट की स्थापना व राष्ट्रीय राजमार्गो का बढ़ते सड़क नेटवर्क, सौर ऊर्जा, राईजिंग राजस्थान कार्यक्रम द्वारा राज्य के नागरिकों हेतु ईज ऑफ़ लिविंग, ईज ऑफ़ डूइंग बिज़नेस के प्रवेश द्वार खुले हैं।
इस अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुए बाड़मेर ज़िलें के पचपदरा स्तिथ एचआरआरएल रिफाइनरी लोकार्पण, विभिन्न विकास कार्यों के शिलान्यास कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया।
जिला रोजगार अधिकारी राजीव सुथार ने बताया कि कार्यक्रम में शिक्षा, कृषि, चिकित्सा सहित विभिन्न राजकीय विभागों में नवनियुक्त कुल 592 कार्मिकों ने सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के अवसर पर जिला कलक्टर डॉ प्रदीप के गावंडे, पूर्व राज्य मंत्री भूपेंद्र देवासी, अतिरिक्त जिला कलक्टर राजेंद्र सिंह चांदावत, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नंदकिशोर राजोरा, कोषाधिकारी भूपेंद्र मकवाना, ज़िला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक भंवरलाल परमार, जिला शिक्षा अधिकारी प्राथमिक मुनेश मीना, डीओआईटी के संयुक्त निदेशक कपिल लुणा, जनप्रतिनिधिगण सहित विभागीय अधिकारी कार्मिक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।