
ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार/ परिष्कार पत्रिका जयपुर।आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान डॉक्टर टी शुभमंगला के निर्देश पर प्रदेश में चलाए जा रहे शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत सी एम एच ओ जयपुर द्वितीय की फूड सेफ्टी टीम ने प्रताप नगर स्थित मैसर्स रिलायंस रिटेल स्टोर पर कार्यवाही करते हुए लगभग सौ किलो अवधिपार खाद्य सामग्री जप्त कर नष्ट करवाई।
सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉक्टर मनीष मित्तल ने बताया कि 181 पोर्टल पर अवधिपार दूध बेचे जाने की शिकायत पर टीम को कार्यवाही के लिए रिलायंस रिटेल स्टोर पर भेजा गया। शिकायत की जांच में स्टोर पर विभिन्न ब्रांड का लगभग 20 लीटर दूध,15 लीटर छाछ एवं 4 किलो बटर अवधिपार फ्रिज में रखा हुआ पाया गया।
इसी प्रकार लगभग 50 किलो सब्जियां एवं 25 किलो फल भी उनकी पैकिंग पर लगे लेबल के अनुसार अवधिपार पाए गए। स्टील की टंकियों में रखी दाल,चावल,बेसन में भी कचरा पाया गया। चने की दाल में इल्लियां चल रही थी। फर्म के स्टोर मैनेजर पूरण जांगिड ने बताया कि इस स्टोर से खाद्य सामग्री ऑनलाइन ऑर्डर पर विक्रय की जाती है।
मौके से बेसन और बिना निर्माण एवं उपयोग दिनांक अंकित बेसन के लड्डू के नमूने लिए गए।
उक्त सभी अवधिपार खाद्य सामग्री को नष्ट करवाया गया। फर्म को नोटिस जारी कर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत अग्रिम कार्यवाही की जाएगी। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील चोटवानी,विनोद थारवान एवं राजेश नागर शामिल रहे।