लिपिक ग्रेड-द्वितीय/कनिष्ठ सहायक संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न

Spread the love

दोनों पारियों में 74 प्रतिशत से अधिक रही अभ्यर्थियों की उपस्थिति

ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार/ परिष्कार जयपुर।  राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा आयोजित लिपिक ग्रेड-द्वितीय/कनिष्ठ सहायक संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा-2026 रविवार को जयपुर जिले में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व से ही सुनिश्चित की गई थीं। जिला कलक्टर संदेश नायक ने बताया कि परीक्षा दो पारियों में आयोजित की गई। प्रथम पारी में 90,001 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 67,490 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 22,511 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। प्रथम पारी में अभ्यर्थियों की उपस्थिति 74.99 प्रतिशत दर्ज की गई। इसी प्रकार द्वितीय पारी में 90,001 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 66,893 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए तथा 23,108 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। द्वितीय पारी में उपस्थिति 74.32 प्रतिशत रही।

परीक्षा के दौरान सभी परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा एवं गोपनीयता के व्यापक प्रबंध किए गए। परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी एवं बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था के साथ ही जिला प्रशासन द्वारा गठित 38 उड़नदस्तों ने विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का सतत निरीक्षण कर परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की। जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन तथा संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से परीक्षा दोनों पारियों में शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई। नियंत्रण कक्ष के माध्यम से परीक्षा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की गई तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *