दृष्टिहीनता मुक्त समाज की ओर एक बड़ा कदम, जयपुर में 3600 से अधिक लोगों की नि:शुल्क नेत्र जांच

Spread the love

सक्षम संस्था और महेश भगवती बल्दवा फाउंडेशन के नेत्र जांच महाशिविर में उमड़ा जन सैलाब

ब्यूरो चीफ हेमलता किरार/ भव्य परिष्कार जयपुर। आँखें ईश्वर का दिया हुआ सबसे अनमोल उपहार हैं और किसी के जीवन में फिर से रोशनी लाने का माध्यम बनने से बड़ा कोई संतोष नहीं हो सकता। इसी भावना और अंधत्व निवारण एवं रोकथाम के संकल्प के साथ, रविवार को गुलाबी नगर जयपुर में एक विशाल नि:शुल्क नेत्र जाँच महाशिविर का आयोजन किया गया। सक्षम संस्था और महेश भगवती बल्दवा फाउंडेशन के संयुक्ततत्वावधान में बनीपार्क स्थित एसएसजी पारीक पीजी महाविद्यालय में आयोजित इस एक दिवसीय शिविर में स्वास्थ्य लाभ लेने वालों का भारी जनसैलाब उमड़ा। प्रात: 9 बजे से सायं 5 बजे तक चले इस महाशिविर ने सेवा और समर्पण का एक अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया। इस वृहद स्तर के आयोजन को सुचारू रूप से चलाने के लिए 25 वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञों, 50 प्रशिक्षित ऑप्टोमेट्रिस्ट और लगभग 250 से अधिक समर्पित कार्यकर्ताओं ने अपनी निरंतर सेवाएँ दीं।

शिविर की व्यापकता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें 3618 लोगों का नि:शुल्क पंजीयन किया गया। जाँच के उपरांत 3265 मरीजों को नि:शुल्क दवाइयां और 1682 लाभार्थियों को मौके पर ही नंबर के चश्मे वितरित किए गए। वहीं, मोतियाबिंद व अन्य गंभीर नेत्र रोगों से पीडि़त 360 मरीजों को ऑपरेशन के लिए रेफर किया गया है, जिनका आगामी दिनों में नि:शुल्क ऑपरेशन सुनिश्चित किया जाएगा।
महाशिविर का उद्घाटन सत्र अत्यंत भव्य रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता महेश भगवती बल्दवा फाउंडेशन की चेयरपर्सन भगवती बल्दवा ने की। कार्यक्रम में सक्षम संस्था के राष्ट्रीय सह-सचिव अभय परगाल और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक बाबूलाल ने मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखे। शिविर का विधिवत उद्घाटन करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएँ पहुँचाना ही सच्ची नारायण सेवा है। सक्षम संस्था और बल्दवा फाउंडेशन ने जो भगीरथ प्रयास किया है, वह पूरे देश के लिए वंदनीय है। सक्षम केवल एक संस्था नहीं, बल्कि दिव्यांगजनों और जरूरतमंदों के उत्थान का एक राष्ट्रीय आंदोलन बन चुकी है। राजस्थान में रामदेवरा मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सेवार्थ सक्षम द्वारा जो विशाल नेत्र महाकुंभ लगाया गया, वो सेवा का एक अनुपम उदाहरण हैं। इसके अलावा देश के हर कोने में सक्षम के प्रकल्प चल रहे हैं, जो समाज को नई दिशा दे रहे हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं महेश भगवती बल्दवा फाउंडेशन की चेयरपर्सन भगवती बल्दवा ने कहा कि जब हम किसी के जीवन में फिर से रोशनी लाने का माध्यम बनते हैं, तो उससे बड़ा आत्मिक संतोष कुछ और नहीं होता। हमारा फाउंडेशन अपने इसी सामाजिक दायित्व को निभाते हुए सक्षम संस्था के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहा है। अंधत्व निवारण एवं रोकथाम के इस पुनीत कार्य में सम्मिलित होना सौभाग्य की बात है। कार्यक्रम के अंतिम चरण में सभी अतिथियों और मुख्य वक्ताओं ने संयुक्तरूप से समाज को एक कड़ा और स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने आमजन से सक्षम संस्था के राष्ट्रव्यापी सेवा कार्यप्रकल्पों से जुडऩे की भावपूर्ण अपील की। इस अवसर पर प्रसिद्ध उद्योगपति महेश बल्दवा और हवामहल क्षेत्र के लोकप्रिय भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य ने भी विशेष रूप से उपस्थित होकर मरीजों और चिकित्सा टीम का उत्साहवर्धन किया। इस आयोजन को धरातल पर उतारने और सफल बनाने में कार्यक्रम संयोजक डॉ अशोक सिंह सोलंकी, सक्षम संस्था के प्रदेश सचिव डॉ कुलदीप मिश्रा सहित संस्था के सभी पदाधिकारियों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं का बड़ा योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *