ध्वज के साथ गूँजी देशभक्ति: मोदी विद्यालय में 79वें स्वतंत्रता दिवस की रंगारंग छटा

Spread the love

का.सं./परिष्कार पत्रिका लक्ष्मणगढ़। मोदी विद्यालय में 79वाँ स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्षोल्लास, गरिमा और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर ध्वजारोहण मुख्य अतिथि मेजर जनरल विक्रम जोशी जी, मोदी विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट डॉ. आशुतोष भारद्वाज जी, वाइस प्रेसिडेंट एवं मोदी विद्यालय की उप-प्रधानाचार्या डॉ. दीपिका सूद जी द्वारा
संयुक्त रूप से संपन्न हुआ। ध्वजारोहण के उपरांत भव्य मार्च-पास्ट का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने अदम्य उत्साह और ऊर्जा के साथ भाग लिया। इसकी शुरुआत आकर्षक घुड़सवारी परेड से हुई, जिसने उपस्थित अभिभावकगण का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। तत्पश्चात एनसीसी कैडेट्स के साथ गार्गी सदन, कस्तूरबा सदन, लीलावती सदन एवं
सरोजिनी सदन की छात्राओं ने अनुशासित व प्रभावशाली प्रदर्शन प्रस्तुत किया। रंग-बिरंगे परिधानों में सुसज्जित
छात्राओं के ब्रास बैंड ने “सारे जहाँ से अच्छा हिन्दोस्ताँ हमारा” की मधुर धुन से पूरे परिसर को देशभक्ति के भावों
से सराबोर कर दिया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय की विभिन्न इकाइयों एनसीसी, स्कूल ऑफ बिजनेस, स्कूल ऑफ लॉ, स्कूल ऑफ साइंस एंड लिबरल आर्ट्स, स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग तथा स्कूल ऑफ डिजाइन की छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की। विद्यालय एवं महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्कृष्ट तालमेल और समन्वय का परिचय देते हुए अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं देशप्रेम का सशक्त संदेश दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के कुलगीत “निर्माणों के पावन युग में हम चरित्र निर्माण न भूले” से हुई। इसके पश्चात छात्राओं ने देशभक्ति की भावना से परिपूर्ण नृत्य एवं गीत प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य अतिथि मेजर जनरल विक्रम ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को सदैव अपने कर्तव्यों के प्रति सजग एवं जिम्मेदार बने रहने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यालय के अनुशासन, प्रस्तुतियों की गुणवत्ता और छात्राओं के उत्साह की विशेष सराहना की।
कार्यक्रम का समापन विद्यालय की प्रधान छात्रा नारायणी अरोड़ा द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन से हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि, मोदी विश्वविद्यालय के डॉ. आशुतोष भारद्वाज उप-प्रधानाचार्या, तथा सभी आगंतुकों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया गया। उपस्थित सभी अतिथियों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे अनुशासन, उत्साह और देशभक्ति का अद्भुत संगम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *