विधानसभा अध्यक्ष ने आवास पर तिरंगा फहराकर हर घर तिरंगा अभियान में की भागीदारी हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रीय एकता का महाअभियान : देवनानी

Spread the love

ब्यूरो चीफ/  परिष्कार पत्रिका जयपुर।  राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने गुरुवार को राजकीय निवास पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर ‘हर घर तिरंगा अभियान’ में सक्रिय भागीदारी निभाई। इस अवसर पर देवनानी ने कहा कि तिरंगा भारत की आन, बान और शान है। यह हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों, सैनिकों के साहस और नागरिकों के गौरव का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने कहा कि हर नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह तिरंगे के सम्मान को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाए।

देवनानी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस राष्ट्रव्यापी अभियान को उत्सव की तरह मनाएँ और अपने-अपने घर, विद्यालय, दुकान, प्रतिष्ठान और कार्यालयों पर तिरंगा फहराएँ। उन्होंने कहा कि हर घर पर तिरंगा लहराना केवल देशभक्ति का प्रतीक नहीं, बल्कि यह भविष्य की पीढ़ियों को राष्ट्र गौरव बताने का अवसर भी है। देवनानी ने युवाओं और बच्चों से विशेष आग्रह किया कि वे तिरंगे के महत्व को समझें, उसकी गरिमा को बनाए रखें और अपने जीवन में राष्ट्र प्रेम की भावना को सर्वोपरि रखें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर प्रारंभ हुआ यह अभियान भारत को विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक और सांस्कृतिक महोत्सव के रूप में स्थापित कर रहा है। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने विश्वास व्यक्त किया कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ से सम्पूर्ण प्रदेश में देशभक्ति का ऐसा वातावरण निर्मित होगा, जिसमें जन-जन का हृदय तिरंगे के साथ धड़कता नजर आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *