
ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार/ परिष्कार पत्रिका लक्ष्मणगढ़। मोदी यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी, लक्ष्मणगढ़ और पब्लिक रिलेशंस काउंसिल ऑफ इंडिया (पीआरसीआई) के जयपुर चैप्टर के बीच गुरुवार को एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के तहत छात्राओं को पब्लिक रिलेशंस, कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन, मीडिया, मैनेजमेंट और लीडरशिप के क्षेत्र में व्यावहारिक प्रशिक्षण के साथ उद्योग जगत का अनुभव उपलब्ध कराया जाएगा। एमओयू पर विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. विनोद पुरोहित तथा पीआरसीआई जयपुर चैप्टर के चेयरमैन सोमेन्द्र हर्ष ने हस्ताक्षर किए। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट प्रो. (डॉ.) आशुतोष भारद्वाज, वाइस प्रेसिडेंट सीए संजीव अग्रवाल, पीआरओ डॉ. राजीव सिंह सहित दोनों संस्थाओं के पदाधिकारी मौजूद रहे।
समझौते के अंतर्गत विशेषज्ञों के व्याख्यान, कार्यशालाएं, सेमिनार, इंटर्नशिप, लाइव प्रोजेक्ट्स, कॉर्पोरेट इंटरैक्शन, मीडिया सेशन और स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं को उद्योग की कार्यप्रणाली को समझने] व्यावसायिक दक्षता बढ़ाने और रोजगारोन्मुखी कौशल विकसित करने का अवसर मिलेगा।
रजिस्ट्रार डॉ. विनोद पुरोहित ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि उन्हें उद्योग की अपेक्षाओं के अनुरूप तैयार करना भी है। यह साझेदारी छात्राओं के करियर निर्माण और कौशल विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट प्रो. (डॉ.) आशुतोष भारद्वाज ने कहा कि वर्तमान समय में उद्योग और शिक्षा संस्थानों के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है। यह एमओयू विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव, प्रोफेशनल नेटवर्किंग और करियर के नए अवसर उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय भविष्य में भी ऐसे सहयोगात्मक प्रयासों को बढ़ावा देता रहेगा।दोनों संस्थाओं ने शिक्षा, नवाचार, ज्ञान के आदान-प्रदान और प्रोफेशनल उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के लिए संयुक्त रूप से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।