
नोडल अधिकारी सुनीता मीना ने छात्राओं से किया सीधा संवाद, राजकॉप ऐप, महिला हेल्पलाइन और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी
ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार/ परिष्कार पत्रिका जयपुर। महानिदेशक पुलिस राजस्थान राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में संचालित “महिला सुरक्षा संकल्प” अभियान के तहत मंगलवार को जयपुर जिले के बस्सी स्थित एक विद्यालय में छात्राओं के लिए विशेष जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में सुरक्षा के प्रति विश्वास, कानूनी जागरूकता, साइबर सुरक्षा और आत्मविश्वास को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (कम्युनिटी पुलिसिंग) एवं महिला सुरक्षा संकल्प अभियान की नोडल अधिकारी सुनीता मीना ने छात्राओं से आत्मीय संवाद करते हुए महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग तथा राजकॉप सिटिजन ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने छात्राओं से कहा कि हर बालिका को सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने का अधिकार है। यदि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, साइबर ठगी या अन्य अपराध का सामना करना पड़े तो बिना किसी भय या संकोच के तत्काल पुलिस से संपर्क करें। उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वासी, सतर्क और जागरूक नागरिक बनने का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पूर्व) पारसमल ने भी छात्राओं से संवाद करते हुए उनकी सुरक्षा संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राजस्थान पुलिस महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है तथा प्रत्येक शिकायत पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।
इस अवसर पर एडिशनल एसपी राजेश शर्मा, थानाधिकारी बस्सी सतपाल सिंह, थानाधिकारी ज्योति नगर संतरा, महिला थाना (पूर्व) की थानाधिकारी मंजू, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों तथा बड़ी संख्या में छात्राओं की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के समापन पर छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा राजकॉप सिटिजन ऐप का प्रभावी उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। राजस्थान पुलिस ने दोहराया कि महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के माध्यम से प्रदेशभर में महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित, जागरूक और विश्वासपूर्ण वातावरण तैयार करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।