30वां राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह-2026 का आयोजन 29 जून को— जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में होगा सम्मान समारोह आयोजित— मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा होंगे कार्यक्रम के मुख्य अतिथि

Spread the love

शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 276 से अधिक भामाशाह, प्रेरक एवं एनआरआई दानदाता होंगे सम्मानित

ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार/ परिष्कार जयपुर। शिक्षा के क्षेत्र में जनसहभागिता और सामाजिक योगदान को सम्मानित करने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए 30वें राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह 2026 का आयोजन 29 जून, 2026 (सोमवार) को जयपुर स्थित बिड़ला ऑडिटोरियम में किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षा मंत्री श्री मदन दिलावर करेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा  शिरकत करेंगे।

समारोह में राजकीय विद्यालय भवन निर्माण, अतिरिक्त निर्माण कार्य, निर्मित भवनों के विकास, भूमि उपलब्ध कराने तथा अन्य भौतिक संसाधनों के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले 276 से अधिक भामाशाह, प्रेरक एवं एनआरआई दानदाताओं को सम्मानित किया जाएगा। इनमें 154 भामाशाह, 99 प्रेरक तथा 23 एनआरआई दानदाता शामिल हैं।

यह आयोजन शिक्षा के विकास में समाज की सहभागिता, सहयोग और उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। भामाशाहों के सहयोग से विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हुआ है तथा विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने में उल्लेखनीय योगदान मिला है। इन भामाशाहों से वित्त वर्ष 2025-26 में 318 करोड़ रुपए का सहयोग प्राप्त हुआ है।

समारोह के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सहयोगियों को सम्मानित कर समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश देने के साथ जनसहयोग की भावना को और अधिक सशक्त किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *