विकसित भारत का संकल्प विरासत संरक्षण से जुड़ा हुआ है, महाराणा प्रताप सोलहवीं शताब्दी के महानायक थे-राज्यपाल

Spread the love

महाराणा प्रताप जयंती और 1857 की क्रांति की वर्षगांठ पर शौर्यांजलि कार्यक्रम आयोजित

ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार/ परिष्कार पत्रिका जयपुर। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि विकसित भारत का हमारा संकल्प विरासत के संरक्षण से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि भौतिक विकास की सार्थकता तभी है जब हम अपनी महान परंपराओं और महापुरुषों के जीवन आलोक से जुड़े रहें। उन्होंने मंगल पांडे, खुदीराम बोस, अनन्त काने और देश के लिए अपना सर्वस्व होम करने वाले स्वाधीनता सेनानियों का स्मरण करते हुए कहा कि आजादी के लिए देशभर से आंदोलन हुए तब देश स्वतंत्र हुआ। उन्होंने विश्वकवि रविन्द्र नाथ ठाकुर को भी उनकी जयंती पर नमन करते उनके योगदान को याद किया। राज्यपाल बागडे शनिवार को द हिंदू फाउंडेशन, नागपुर द्वारा एक निजी होटल में आयोजित शौर्यांजलि कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम विकसित भारत विरासत के आलोक में महाराणा प्रताप की जयंती और 1857 की क्रांति की वर्षगांठ पर आयोजित किया गया था।

बागडे ने कहा कि महाराणा प्रताप देश के पहले ऐसे स्वाधीनता सेनानी थे जिन्होंने मातृभूमि के लिए संघर्ष ही नहीं किया मुगलों को निरंतर टक्कर दी। उन्होंने राणा प्रताप के महान जीवन और उनके चेतक घोड़े से जुड़े प्रेरक अनछुए प्रसंगों को साझा करते हुए कहा कि “अक़बरनामा” में जो लिखा गया, वह इतिहास का पूरा सच नहीं है। सच का झूठ वहां बहुत है। उन्होंने बीकानेर की किरण देवी द्वारा अकबर ने नौ रोज के मेले में उनकी आबरू के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश करने पर अपनी कटार उसकी गर्दन पर रखकर अपने प्राणों की भीख मांगने पर मजबूर करने के इतिहास प्रसंग का भी उल्लेख किया।

राज्यपाल ने कहा कि भारत के स्वर्णिम गौरव का इतिहास अभी लिखा जाना है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप सोलहवीं शताब्दी के महानायक थे। सत्रहवीं शताब्दी के महान गौरव शिवाजी थे। इससे पहले राज्यपाल ने चंद्रशेखर आजाद के वंशज अमित आजाद का अभिनंदन भी किया। विधायक श्री गोपाल शर्मा ने इस दौरान कहा कि महाराणा प्रताप के शौर्य के साथ मातृभूमि के लिए उनके महान योगदान को स्मरण करते हुए 1857 की क्रांति पर विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि राजस्थान महाराणा प्रताप की गौरव धरा राष्ट्र प्रेम से ओतप्रोत रही है। फाउंडेशन के संदीप गुप्ता ने कार्यक्रम के बारे में विस्तार से बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *