महारानी महाविद्यालय की छात्राओं ने देखी विधान सभा : देवनानी ने छात्राओं से पूछा उनमें से कौन-कौन बनेगा विधायक, देवनानी ने छात्राओं को समझाई संसदीय परम्‍पराएं 

Spread the love

ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार, परिष्कार पत्रिका जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की पहल पर शुरू हुए विधान सभा जनदर्शन के तहत बुधवार को महारानी महाविद्यालय की छात्राओं ने विधानसभा के सदन, भवन और राजनैतिक आख्यान संग्रहालय को देखा। छात्राओं ने देवनानी से विधानसभा की कार्यप्रणाली व संसदीय परंपराओं को समझा। उन्होंने छात्राओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान की गरिमा और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी।

राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने छात्राओं से संवाद के दौरान पूछा कि उनमें से कौन-कौन भविष्य में विधायक बनकर विधानसभा तक पहुँचना चाहती हैं। उनके इस प्रश्न ने छात्राओं में जनप्रतिनिधित्व एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जिज्ञासा को प्रोत्साहित किया।

देवनानी ने छात्राओं को संसदीय परम्पराओं, सदन की कार्यवाही, विधायी प्रक्रिया तथा जनप्रतिनिधियों के दायित्वों की जानकारी देते हुए समझाया कि विधानसभा लोकतंत्र का वह महत्त्वपूर्ण मंच है, जहाँ जनभावनाओं को अभिव्यक्ति, जनसमस्याओं को स्वर और जनहित के विषयों को विधायी विमर्श में स्थान मिलता है। उन्होंने छात्राओं को संविधान की मर्यादाओं, लोकतांत्रिक मूल्यों और सार्वजनिक जीवन में उत्तरदायित्व के महत्त्व से परिचित कराते हुए भविष्य में नेतृत्व के अवसरों के प्रति सजग एवं जागरूक बनने के लिए कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *