उपभोक्ता हितों की सुरक्षा हेतु पेट्रोल पम्पों पर सख्त कार्रवाई, प्रदेशभर में 58 निरीक्षणकम मात्रा में पेट्रोल-डीजल देने के 3 मामले पकड़े, 5 नोजल जब्त, ₹39,000 जुर्माना

Spread the love

ब्यूरो चीफ/ परिष्कार पत्रिका जयपुर। उपभोक्ता मामले मंत्री सुमित गोदारा के निर्देशानुसार उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा एवं पेट्रोल पम्पों पर ईंधन की सही मात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विधिक मापविज्ञान प्रकोष्ठ द्वारा प्रदेशभर में पेट्रोल पम्पों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में  18 नवम्ब को प्रदेशभर में 58 पेट्रोल पम्पों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में 3 पेट्रोल पम्पों पर उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा से कम पेट्रोल/डीजल दिए जाने की अनियमितता पाई गई। इन मामलों में 5 नोजल जब्त किए गए तथा ₹39,000 का जुर्माना लगाया गया।

अजमेर में कार्रवाई

अजमेर के दोराई स्थित बीपी अजमेर पेट्रोल पम्प पर जांच के दौरान प्रति 5 लीटर पेट्रोल/डीजल में 30 मिलीलीटर कम मात्रा देना पाया गया। साथ ही सत्यापन प्रमाण-पत्र भी प्रदर्शित नहीं किया गया था। इस पर पेट्रोल पम्प का एक नोजल जब्त किया गया तथा कम मात्रा देने पर ₹10,000 एवं सत्यापन प्रमाण-पत्र प्रदर्शित नहीं करने पर ₹1,000 का जुर्माना लगाया गया।

जयपुर में कार्रवाई

जयपुर जिले के चाकसू स्थित चौधरी सर्विस स्टेशन एवं गोपाल पेट्रोलियम पर जांच के दौरान प्रति 5 लीटर पेट्रोल/डीजल में 5 मिलीलीटर कम मात्रा देना पाया गया। दोनों पेट्रोल पम्पों पर सत्यापन प्रमाण-पत्र भी प्रदर्शित नहीं थे। कार्रवाई करते हुए दोनों पेट्रोल पम्पों के 2-2 नोजल जब्त किए गए। प्रत्येक पेट्रोल पम्प पर कम मात्रा देने के लिए ₹10,000 तथा सत्यापन प्रमाण-पत्र प्रदर्शित नहीं करने के लिए ₹500 का जुर्माना लगाया गया। जयपुर जिले में कुल 11 पेट्रोल पम्पों का निरीक्षण किया गया, जिनमें 2 पेट्रोल पम्पों के 4 नोजल जब्त किए गए तथा कुल ₹21,000 का जुर्माना लगाया गया।

विधिक मापविज्ञान प्रकोष्ठ द्वारा स्पष्ट किया गया है कि पेट्रोल पम्पों पर उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा से कम ईंधन उपलब्ध कराने अथवा विधिक मापविज्ञान संबंधी अनिवार्य प्रावधानों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आमजन से भी अपील की गई है कि पेट्रोल पम्पों पर ईंधन की मात्रा में कमी अथवा अन्य किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर इसकी शिकायत हेल्पलाइन नंबर 14435 पर दर्ज करवाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *