
ब्यूरो चीफ परिष्कार पत्रिका जयपुर। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा है कि संगीत में अद्भुत ताकत है। यह मानव जीवन का महत्वपूर्ण पक्ष है। उन्होंने कहा कि भारतीय संगीत से युवा पीढ़ी को जोड़ने का यह अनूठा प्रयास सराहनीय है। इससे युवा पीढ़ी पुरानी पीढ़ी की परंपरा को आगे बढ़ाएगी।
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने गुरुवार को यहां जवाहर कला केन्द्र में प्रसार भारती के तत्वाधान में आकाशवाणी, जयपुर की ओर से आयोजित राइजिंग स्टार सेशन प्रथम में युवा संगीत कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारम्भ किया। इस मौके पर स्पीकर वासुदेव देवनानी का आर.एन. मीना, सतीश देपाल, महेन्द्र कुमार मीना, सुरेश मीणा और गौरव यादव ने शॉल ओढाकर और पुष्प गुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया।
देवनानी ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विरासत अत्यंत समृद्ध है और संगीत हमारी संस्कृति, परंपरा एवं आध्यात्मिक चेतना का अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि देश में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच, मार्गदर्शन और अवसर प्रदान करने की है। ‘राइजिंग स्टार जैसे आयोजन युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर प्रदान करेंगे।
स्पीकर देवनानी ने कहा कि युवा पीढ़ी आधुनिकता के साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों और परंपराओं से जुड़ी रहे, यह समय की आवश्यकता है। संगीत न केवल मनोरंजन का माध्यम है, बल्कि यह समाज में सकारात्मकता, एकाग्रता, संवेदनशीलता और एकता का संदेश भी देता है।
देवनानी ने कार्यक्रम में भाग लेने वाले युवा कलाकार प्रखर जोजन, मोहम्मद सोहैल साबरी, प्रिय सैनी और शाहरूख खान मेवाती को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने युवा कलाकरों को देश का नाम विश्व में रोशन करने की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।
देवनानी ने आकाशवाणी के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन देश की कला एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।