केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत एवं चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खीवसर ने आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं कीं आमजन को समर्पित

Spread the love

जोधपुर में चिकित्सा अधोसंरचना को मिली नई मजबूती, विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण

ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार/ परिष्कार जयपुर। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत तथा राजस्थान सरकार के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खीवसर ने शनिवार को डॉ. सम्पूर्णानन्द आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय समूह, जोधपुर में विभिन्न विकासात्मक एवं जनहितकारी परियोजनाओं का लोकार्पण कर उन्हें आमजन को समर्पित किया। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बी.एस. जोधा सहित वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक, संकाय सदस्य एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

लोकार्पित परियोजनाओं में 43.29 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित राजकीय दंत महाविद्यालय एवं चिकित्सालय भवन, महात्मा गांधी चिकित्सालय में 2 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित स्पाइन इंजरी सेंटर, उम्मेद चिकित्सालय में 49.22 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 553 बेड क्षमता का पीजी छात्रावास, 8 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक एमआरआई सेंटर, कमला नेहरू संक्रमण रोग संस्थान में 12.60 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नवीन ओपीडी भवन एवं पार्किंग तथा मेडिकल कॉलेज परिसर में विकसित पिकल बॉल, लॉन टेनिस एवं बैडमिंटन कोर्ट शामिल हैं।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार आधुनिक चिकित्सा अधोसंरचना के विकास और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने विभिन्न नव विकसित सुविधाओं का अवलोकन कर चिकित्सकों एवं विद्यार्थियों से संवाद किया।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री खीवसर ने मेडिकल कॉलेज काउंसिल हॉल में अधिकारियों एवं चिकित्सकों की बैठक लेकर आगामी विकास परियोजनाओं, अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण, चिकित्सा एवं पैरामेडिकल स्टाफ से जुड़े विषयों, रोगी सुविधाओं के विस्तार तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए समन्वित रूप से कार्य करने एवं विकास कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

प्राचार्य डॉ. बी.एस. जोधा ने संस्थान में विकसित नई चिकित्सा सुविधाओं एवं अधोसंरचना की जानकारी देते हुए बताया कि इन परियोजनाओं से चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान तथा रोगी सेवाओं को नई गति मिलेगी। साथ ही जोधपुर संभाग सहित प्रदेशभर के मरीजों एवं चिकित्सा विद्यार्थियों को आधुनिक एवं बेहतर सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *