
कोटा में 69 वीं राज्य स्तरीय माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालय फुटबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन
ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार/ परिष्कार पत्रिका कोटा। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने सोमवार को कोटा में आयोजित की जा रही 69 वीं राज्य स्तरीय माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालय छात्र (17 वर्षीय) फुटबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। विजय वीर क्लब मैदान, कुन्हाड़ी में आयोजित रंगारंग उद्घाटन समारोह में शिक्षा मंत्री ने दोनों टीमों की उपस्थिति में फुटबॉल को किक लगाकर उद्घाटन मुकाबले का शुभारंभ किया। दिलावर ने इस अवसर पर सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल हमारे शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए अति आवश्यक है। विजेता वही होता है जो स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ सफलता हासिल करता है। सभी खिलाड़ी खेल को खेल की भावना से खेलें।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री दिलावर ने तिरंगे के रंग के गुब्बारे भी आसमान में छोड़े और खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने की शपथ दिलवाई। मुख्य अतिथि श्री मदन दिलावर ने प्रतियोगिता का ध्वजारोहण किया तथा प्रदेश के विभिन्न जिलों से आई प्रतिभागी टीमों द्वारा निकाले गए मार्च पास्ट की सलामी ली।
कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री के विशेषाधिकारी सतीश कुमार गुप्ता, संयुक्त निदेशक (शिक्षा) कोटा संभाग रूपेश मीणा, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी पवित्रा त्रिपाठी, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक के के शर्मा, जिला परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा रूपेश सिंह सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।