स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता एवं मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री

Spread the love

कोटपूतली के राजकीय बीडीएम अस्पताल का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा एवं अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार/ परिष्कार पत्रिका जयपुर। राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने शुक्रवार को कोटपूतली-बहरोड़ जिले के राजकीय बीडीएम अस्पताल, कोटपूतली का निरीक्षण कर अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, साफ-सफाई, मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं एवं विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का भ्रमण किया तथा उपचाराधीन मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे संवाद कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। साथ ही मरीजों से उन्हें उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, उपचार व्यवस्था एवं अस्पताल की सेवाओं के संबंध में चर्चा कर उनका फीडबैक प्राप्त किया।

उन्होंने निर्देश दिए कि उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं में गंभीर एनीमिया के मामलों की विशेष निगरानी की जाए तथा त्वरित उपचार के माध्यम से उनकी स्वास्थ्य स्थिति में शीघ्र सुधार लाया जाए। इसके लिए सभी आवश्यक दवाइयों, रक्त एवं अन्य चिकित्सकीय संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता सुनिश्चित करना तथा प्रत्येक मरीज को बेहतर, सुलभ एवं संवेदनशील स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समयबद्ध उपचार, आवश्यक दवाइयां, जांच सुविधाएं तथा मानवीय व्यवहार के साथ बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

निरीक्षण के उपरांत स्वास्थ्य मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित कर अस्पताल की व्यवस्थाओं, चिकित्सकों की उपलब्धता, दवा वितरण, जांच सुविधाओं, आपातकालीन सेवाओं, चिकित्सा उपकरणों तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, चिकित्सा अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण तथा मरीजों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा सरकारी अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने निर्देश दिए कि उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं में गंभीर एनीमिया के मामलों की विशेष निगरानी की जाए तथा त्वरित उपचार के माध्यम से उनकी स्वास्थ्य स्थिति में शीघ्र सुधार लाया जाए। इसके लिए सभी आवश्यक दवाइयों, रक्त एवं अन्य चिकित्सकीय संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

इस अवसर पर विधायक कोटपूतली हंसराज पटेल एवं जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष सिंह शेखावत, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. पुष्कर राज गुर्जर सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *