ओरिएंटेशन डे 2025 – “विबग्योर : द ओरिएंटेशन सागा (वेल्कम टू द कलर्स ऑफ़ जेवियर्स)”

Spread the love


ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार / परिष्कार पत्रिका जयपुर।  सेंट जेवियर्स कॉलेज जयपुर एवं जेवियर्स इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड इंफॉर्मेटिक्स में शनिवार सत्र 2025-26 के नवप्रवेशित छात्रों के स्वागत हेतु अति प्रत्याशित ओरिएंटेशन डे का अभूतपूर्व आयोजन किया गया जिसकी थीम रही “विबग्योर:द ओरिएंटेशन सागा (वेल्कम टू द कलर्स ऑफ़ जेवियर्स)”। यह आयोजन कॉलेज के फादर स्टेन स्वामी सभागार में हुआ, जिसमें ऊर्जा, उत्साह और प्रेरणा के विविध रंगों एवं भावों का अद्भुत संगम देखने को मिला ।
इस अद्भुत कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन से हुआ, इसके बाद संस्थान के प्राचार्य रेव. फादर डॉ. आरोक्य स्वामी (एस.जे.) एवं उप-प्राचार्य रेव. फादर डॉ. रेमण्ड केरुबिन (एस.जे.) के द्वारा गणमान्य विशिष्ट अथिति जेवियर्स इंस्टिट्यूट ऑफ़ मेनेजमेंट की निर्देशक डॉ. मधु शर्मा को सम्मान का प्रतीक चिन्ह प्रदान कर उनका भव्य स्वागत किया गया । तत्पश्चात् फादर डॉ. अरोक्य स्वामी ने नवागंतुक छात्रों को आगामी स्वर्णिम जीवन हेतु आशीर्वचन दिए और युवा जीवन में उत्कृष्टता, अनुशासन और मूल्यों से पूर्ण शैक्षणिक यात्रा हेतु पथ-प्रदर्शन किया ।
कार्यक्रम की इसी श्रृंखला में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित जेवियर्स इंस्टिट्यूट ऑफ़ मेनेजमेंट की निर्देशक डॉ. मधु शर्मा ने अपने प्रेरणादायी विचारों से विद्यार्थियों हेतु शुभकामनाएं प्रेषित कीं जिससे समस्त विद्यार्थी उत्साहित एवं लाभान्वित हुए।
इस अवसर पर कई महत्वपूर्ण विमोचन और शुभारंभ किए गए। इनमें आई.क्यु.ए.सी. न्यूज़लेटर ‘एल्युमनाय कनेक्ट:फोस्टरिंग लाइफलोंग टाइज बियॉन्ड ग्रेजुएशन, ब्लुम्स्बेरी द्वारा प्रकाशित पुस्तक एवं ए.ई.सी. फाउंडेशन ऑफ़ इंग्लिश लेंग्वज’ की अंग्रेजी पुस्तक और ‘जेवियर सेंटर फॉर करियर एडवांसमेंट’ की विवरणिका का विमोचन किया गया । यह सेंटर प्रशासनिक सेवा एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए छात्रों को अनुभवी शिक्षकों के द्वारा मार्गदर्शन प्रदान करेगा ।
इस कार्यक्रम में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के द्वारा कई शानदार एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गई । इनमें सर्वप्रथम जेवियर्स डांस सोसायटी ने “फ्लेयर ऑफ़ मोशन” की टैग लाइन के साथ ऊर्जस्वित नृत्य प्रस्तुति दी जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया । सांस्कृतिक कार्यक्रमों के इसी क्रम में जेवियर्स फैशन सोसायटी के द्वारा “रनवे ऑफ़ ड्रीम्स” का अद्भुत प्रदर्शन किया गया जिसमें फैशन एवं संस्कृति के सम्मिश्रण के बेहतरीन समन्वय को दिखाया गया । मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की इसी कड़ी में जेवियर्स थिएटर सोसायटी के द्वारा “स्पेक्ट्रम ऑफ़ सेल्वस” नाटक के प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विद्यार्थियों में ऊर्जा और उत्साह का प्रसार हुआ । प्रतिभाओं के वैविध्य प्रदर्शन की इसी अटूट और उर्जस्वित श्रंखला में जेवियर्स म्यूजिक सोसायटी के द्वारा “स्ट्रिंग्स ऑफ़ बोंड” के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया । विशेष संवाद सत्र में कॉलेज की पूर्व छात्रा एवं जयपुर बज़ की संस्थापक मणिका कर्णावत ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के रूप में अपने सफर और अनुभव साझा किए, विद्यार्थियों को अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा और प्रोत्साहन मिला ।
कार्यक्रम समापन के अंतिम पड़ाव में “जेवियर्स एंथम का भव्य विमोचन हुआ और इसके बाद ‘विद्यार्थी कार्यक्रम समन्वयक’ डॉ. मीता शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया और अंत में राष्ट्र गान के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ । तत्पश्चात सभी गणमान्य अतिथियों एवं छात्रों ने सामूहिक फोटोग्राफ के रूप में इस दिन को अविस्मरणीय अनुभव के रूप में संचित किया ।
अंततः इस आयोजन ने न केवल नवागंतुक छात्रों का स्वागत किया, बल्कि उन्हें जेवियर्स परिवार की सशक्त, जीवंत और प्रेरणादायी संस्कृति से भी परिचित कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *