
पहली बार मार्च में बोर्ड परिणाम घोषित कर 1 अप्रैल से सत्र शुरू किया, स्कूल खुलने के साथ ही पाठ्य पुस्तकें बच्चों को मिलीं – शिक्षा मंत्री
ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार/ परिष्कार पत्रिका जयपुर। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पिछले ढाई साल में शिक्षा के क्षेत्र में कई सुधार किए गए हैं और परिणामस्वरूप राजस्थान आज शिक्षा के क्षेत्र में देश में चौथे स्थान पर है। उन्होंने कहा कि पहली बार मार्च माह में ही बोर्ड परीक्षाओं का परिणाम घोषित कर 1 अप्रैल से नया शैक्षणिक सत्र शुरू कर दिया गया है। सरकारी विद्यालयों के 70 लाख बच्चों को स्कूल खुलने के साथ ही पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध करवा दी गई, जबकि पहले दो-तीन माह तक बच्चों के पास किताबें नहीं होती थी जिससे पढ़ाई बाधित होती थी। उन्होंने कहा कि स्कूल यूनिफॉर्म का पैसा सीधे खाते में उपलब्ध करवाया जा रहा है और होनहार बच्चियों को साइकिल खरीदने के लिए पैसा वाउचर के रूप में खाते में उपलब्ध करवाया जा रहा है ताकि योजना में मिली राशि का सदुपयोग हो और भ्रष्टाचार की आशंका नहीं रहे। उन्होंने कहा कि 65 लाख बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करवाया गया है।
शिक्षा मंत्री शनिवार को कोटा जिले में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लखावा में नव निर्मित कक्षा-कक्षों के लोकार्पण कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। दिलावर ने समसा द्वारा निर्मित कक्षा-कक्ष के साथ ही शिव एडिबल ग्रुप द्वारा बनवाए गए दो कक्षा-कक्षों एवं बरामदे का भी लोकार्पण किया। शिक्षा मंत्री ने ग्रुप द्वारा 87 विद्यार्थियों को अच्छी क्वालिटी का फर्नीचर उपलब्ध करवाने के लिए विष्णु कुमार साबू को साधुवाद दिया। शिक्षा मंत्री ने कहा कि स्कूल में खेल मैदान के लिए केडीए से भूमि आवंटन एवं जन सहयोग से बाउंड्री वॉल निर्माण के प्रयास किए जाएंगे।
दिलावर ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने एवं विद्यालयों में सुविधाएं विकसित करने के लिए जन सहयोग से कार्य किया जा रहा है। विद्यालयों के विकास के लिए प्रवासी राजस्थानियों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। स्कूलों के विकास के लिए भामाशाहों ने 400 करोड़ रुपए दिए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग में ऐसी व्यवस्था बनाई गई है कि जो भी भामाशाह स्कूल बिल्डिंग बनवाने की इच्छा दिखाएंगे उन्हें कागज़ी कार्रवाई के लिए किसी भी दफ्तर के चक्कर नहीं काटने होंगे। इसके लिए एक अलग सेल बनाई गई है जो इससे संबंधित सारी प्रक्रिया पूरी करेगी। उन्होंने कहा कि विद्यालय के विकास में दो करोड़ से अधिक खर्च करने वाले भामाशाह को स्कूल मैनेजमेंट कमेटी में भी रखा जाएगा ताकि उनके द्वारा लगाई गई राशि का सदुपयोग सुनिश्चित हो सके।
शिक्षा मंत्री ने स्कूलों के उन्नयन एवं सुविधाओं पर 1 करोड़ 32 लाख रुपए खर्च करने के लिए शिव एडिबल ग्रुप के साबू परिवार को साधुवाद दिया और कहा कि शिक्षा दान ही श्रेष्ठ दान है। कार्यक्रम में शिव एडिबल ग्रुप के विष्णु कुमार साबू, बजरंग कुमार साबू, सत्य प्रकाश साबू सहित साबू परिवार के अन्य सदस्यों को सम्मानित किया गया।
इससे पहले शिक्षा मंत्री मदन दिलावर एवं शिव एडिबल ग्रुप के विष्णु कुमार साबू ने 51 लाख रुपए की लागत से नव निर्मित दो कक्षा कक्षों एवं बरामदे का पट्टिका अनावरण कर लोकार्पण किया। साथ ही, समसा द्वारा निर्मित कक्ष का भी लोकार्पण किया गया। स्कूली बच्चों ने नृत्य एवं अन्य प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी रामचरण मीणा, सहायक निदेशक रूपेश कुमार सिंह, स्थानीय जन प्रतिनिधि एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
बालिका विद्यालय विनोबा भावे नगर में भी हुए लोकार्पण : शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय विनोबा भावे नगर में भी नव निर्मित कक्षा कक्षों का फीता काटकर लोकार्पण किया। दिलावर ने हरियालो राजस्थान अभियान के तहत स्कूल परिसर में पौधारोपण भी किया। कार्यक्रम में स्थानीय जन प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।