सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने एवं ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान से जुड़ने का आह्वान
ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार/ परिष्कार पत्रिका जयपुर। स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन जयपुर द्वारा 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक जिलेभर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान-2026 के अंतर्गत विभिन्न जनजागरूकता, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राज्य सरकार के निर्देशानुसार अभियान के दौरान 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस भी मनाया जाएगा।
जिला कलक्टर संदेश नायक ने बताया कि ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों तथा आमजन की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। अभियान के दौरान तिरंगा रैली, साइकिल एवं बाइक रैली, चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम, वंदे मातरम् एवं सामूहिक गायन, तिरंगा सजावट तथा राष्ट्रभक्ति आधारित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
⸻
तिथि-वार कार्यक्रम
09 अगस्त, 2026
* ग्राम एवं वार्ड स्तर पर तिरंगा अभियान के प्रति जनजागरूकता गतिविधियां।
* तिरंगा रैली का आयोजन।
* अभियान की शपथ दिलाई जाएगी।
* सार्वजनिक स्थलों पर भजन एवं देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित होंगे।
10 अगस्त, 2026
* तिरंगा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
* घर-घर संपर्क कर प्रत्येक परिवार को तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
11 अगस्त, 2026
* विद्यालयों में निबंध, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन।
* विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति एवं संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष गतिविधियां।
12 अगस्त, 2026
* बाइक एवं साइकिल तिरंगा रैली का आयोजन।
* युवाओं की भागीदारी के माध्यम से राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं जागरूकता का संदेश दिया जाएगा।
13 अगस्त, 2026
* सार्वजनिक भवनों, पंचायत भवनों एवं विद्यालयों में तिरंगा सजावट अभियान चलाया जाएगा।
* शासकीय एवं गैर-शासकीय संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज की आकर्षक सजावट की जाएगी।
14 अगस्त, 2026 — विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस
* देश की एकता एवं अखंडता पर आधारित संगोष्ठियां आयोजित होंगी।
* विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विभाजन विभीषिका स्मृति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
* विभाजन की त्रासदी से प्रभावित लोगों के संघर्ष, बलिदान और साहस को स्मरण किया जाएगा।
* नई पीढ़ी को इतिहास से परिचित कराने तथा सामाजिक सद्भाव एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम होंगे।
15 अगस्त, 2026 — स्वतंत्रता दिवस
* सार्वजनिक भवनों, पंचायत भवनों एवं विद्यालयों में तिरंगा सजावट एवं ध्वजारोहण।
* राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन।
* विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन।
16 अगस्त, 2026
* अभियान के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
17 अगस्त, 2026
* हर घर तिरंगा अभियान का समापन समारोह आयोजित होगा।
* अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं एवं सहभागियों का अभिनंदन किया जाएगा।
⸻
विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां
कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए नगर निगम जयपुर, नगर परिषद एवं नगरपालिकाएं, जिला परिषद जयपुर, स्थानीय निकाय विभाग, शिक्षा विभाग, कॉलेज शिक्षा विभाग, तकनीकी शिक्षा विभाग, पंचायत समितियां तथा अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम आयोजित करने तथा गतिविधियों की सूचना संबंधित पोर्टल www.harghartiranga.com पर अपलोड करना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलेवासियों से सहभागिता की अपील
जिला कलेक्टर ने जिलेवासियों का आह्वान किया है कि वे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं, अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराएं तथा ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान से जुड़कर राष्ट्रभक्ति के इस महापर्व को जनभागीदारी का उत्सव बनाएं।