गुरुदेव श्री श्री रविशंकर के जन्मोत्सव पर आर्ट ऑफ लिविंग आश्रम, जयपुर में भव्य आयोजन

Spread the love

ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार/ परिष्कार पत्रिका जयपुर।  गुरुदेव श्री श्री रवि शंकर के 70वें जन्मोत्सव एवं आर्ट ऑफ लिविंग के 45 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को प्रताप नगर स्थित रवि शंकर आश्रम में सेवा, साधना एवं सत्संग के विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः आयुष होम (हवन) से हुई, जिसमें विश्व शांति एवं जनकल्याण की प्रार्थना की गई। सायंकाल आयोजित सामूहिक सुदर्शन क्रिया में बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भाग लिया। आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा सिखाई जाने वाली सुदर्शन क्रिया विश्व के 190 देशों में प्रचलित श्वास तकनीक है, जो तनाव निवारण एवं बेहतर स्वास्थ्य के लिए वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है। शाम 5 बजे से आयोजित रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। इसके पश्चात आयोजित भव्य सत्संग में भक्ति और शांति का वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने आर्ट ऑफ लिविंग की अनसंग हीरोज़ मुहिम के अंतर्गत जयपुर से चयनित सेवावीरों को सम्मानित किया गया। जयपुर जिले से यह सम्मान “घूंघट प्रथा मुक्त ग्राम अभियान तथा जलने की स्थिति में प्राथमिक उपचार के प्रति जागरूकता” के लिये 85 वर्षीय डॉ मालती गुप्ता एवं “राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सहभागिता और जमीनी स्तर के अगली पीढ़ी के नेतृत्व संवर्धन” के लिये 33 वर्षीय शुभम शर्मा को प्रदान किया गया। राजस्थान के अन्य जिलों से 14 विभूतियों को यह सम्मान जिलेवार कार्यक्रम में प्रदान किया गया। ये सेवावीर युवा नेतृत्व, समाज सेवा, खेलकूद एवं विभिन्न जनकल्याण गतिविधियों में निःस्वार्थ योगदान दे रहे हैं।

आर्ट ऑफ लिविंग स्टेट टीचर कॉर्डिनेटर मेघना सोती जी ने बताया कि इस अवसर पर संस्था के जयपुर परिवार ने तीन सेवा प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया जिसमें 100 से अधिक वृक्षारोपण अभियान, 7000 वंचित वर्ग हेतु बाल चेतना एवं नव चेतना कार्यक्रम तथा प्रताप नगर आश्रम में साप्ताहिक निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर शामिल है ।

संस्था के जयपुर परिवार के मीडिया कॉर्डिनेटर मोहित गुप्ता ने बताया कि गुरुदेव की प्रेरणा से 8 से 13 मई तक जयपुर में विभिन्न सेवा एवं जनकल्याण गतिविधियाँ आयोजित की गईं। विद्याधर नगर में आयोजित रक्तदान शिविर में 100 से अधिक लोगों ने रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया। इसके अतिरिक्त हरि महल पैलेस में भजन क्लबिंग का आयोजन किया गया जिसमें 500 से अधिक शहरवासियों ने सुरमय संगीत को अनुभव किया। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निःशुल्क रैकनहो, मेरु चिकित्सा और सीएसटी जैसी लाभदायक हीलिंग तकनीकों से अनेक शहरवासियों ने अच्छे स्वास्थ्य को प्राप्त किया । इसके अलावा शहर के अनेक आर्ट ऑफ लिविंग सेंटर्स पर योग, ध्यान एवं सत्संग कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

कार्यक्रम में एक हजार शहरवासियों ने बेंगलुरु स्थित भव्य ध्यान मंदिर से प्रसारित गुरुदेव के सान्निध्य में “विश्व शांति हेतु वैश्विक ध्यान” का अनुभव किया, जिसमें एक लाख लोगों ने ध्यान मंदिर में प्रत्यक्ष तौर पर ध्यान किया तथा 182 देशों से करोड़ों लोग ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *