ऊर्जा एवं टोंक जिला प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर ने देवली में दिव्यांगों को दी स्कूटी की सौगात

Spread the love

स्कूटी मिलने पर दिव्यांगों के चेहरे पर छाई खुशी

ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार/ परिष्कार पत्रिका जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार महिला, श्रमिक, युवा, किसानों को आत्मनिर्भर एवं आर्थिक दृष्टि से मजबूत बनाने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। मुख्यमंत्री अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को योजनाओं का लाभ मिले, इसके लिए जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है।

नागर सोमवार को टोंक जिले की देवली नगर पालिका परिसर में दिव्यांगजनों के स्कूटी वितरण कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। हमारी सरकार ने हाल ही में ग्राम विकास रथों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार की योजनाओं को लेकर आमजन को जागरुक करने का कार्य किया, ताकि एक भी पात्र व्यक्ति अपने हक से वंचित नही रहें।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सरकार के विधायक कोष से स्थानीय विधायक राजेन्द्र गुर्जर द्वारा आप सभी को 59 स्कूटियों का वितरण किया जा रहा है। आपके विधायक आमजन की व्यक्तिगत समस्याओं को लेकर बेहद संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि दिव्यांग भाई-बहिनों को स्कूटी मिलने से उनका जीवन सुगम हो सकेगा। उन्हें रोजमर्रा के कामों में परेशानी का सामना नही करना पड़ेगा।

नागर ने कहा कि जनहितैषी योजनाओं को लेकर राज्य सरकार वंचित वर्ग के जीवन को बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। खाद्य सुरक्षा योजना में हमारी सरकार ने 85 लाख नाम जोड़कर पात्र लोगों को राहत दी है। 24 जिलों के किसानों को दिन के समय बिजली आपूर्ति की जा रही है, जो कि वर्ष 2027 तक प्रदेश भर में उपलब्ध होगी। किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, लखपति दीदी योजना के माध्यम से किसानों एवं महिलाओं को आर्थिक रुप से सक्षम बनाया जा रहा है।

स्थानीय विधायक राजेन्द्र गुर्जर ने कहा कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय ने कहा था नर सेवा ही नारायण सेवा है। दिव्यांग समाज की मुख्यधारा में शामिल हो, इसके लिए उनका आत्मनिर्भर होना बेहद जरुरी है। इसी दिशा में दिव्यांग भाई-बहिनों को यह स्कूटी दी जा रही है। हमारी सरकार आमजन की हर समस्या और परेशानी का समाधान तत्परता से करते हुए विद्युत, शिक्षा, चिकित्सा एवं पेयजल की योजनाओं से लोगों को लाभांवित कर रही है।

इस दौरान जिला कलेक्टर टीना डाबी, उपखंड अधिकारी देवली रुबी अंसार, तहसीलदार मेघा गुप्ता, विकास अधिकारी रानू इंकिया, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक करतार सिंह मीना, बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक नवल खान, पूर्व प्रधान बनवारी लाल जाट, पूर्व चेयरमेन नेमी चन्द जैन समेत बड़ी संख्या में दिव्यांगजन एवं शहरवासी मौजूद रहे।

ऊर्जा मंत्री ने सुनी समस्याएं—

ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने स्कूटी वितरण कार्यक्रम के बाद शहरवासियों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनकर निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राज्य सरकार की मंशानुरुप आमजन की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान करें। उन्होंने लोगों को योजनाओं की जानकारी देकर लाभांवित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *