शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने अलवर जिले में 24 करोड़ से अधिक राशि से बने  राजकीय विद्यालयों के भवनों का किया लोकार्पण, चिमरावली सिक्ख के राजकीय विद्यालय में सरस्वती प्रतिमा का किया अनावरण

Spread the love

विभिन्न विद्यालयों का किया निरीक्षण, बच्चों के साथ चखा पोषाहार, विभिन्न गांवों का निरीक्षण कर विकास अधिकारियों को साफ-सफाई कराने के दिए दिशा-निर्देश, मानवीय मूल्यों पर आधारित संस्कार एवं नैतिकता युक्त गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदानकरने हेतु राज्य सरकार प्रतिबद्ध – शिक्षा मंत्री मदन दिलावर

ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार/ परिष्कार पत्रिका जयपुर।  शिक्षा एवं पंचायती राज विभाग मंत्री मदन दिलावर ने शनिवार को अलवर के एक दिवसीय दौरे पर रहकर रैणी तहसील में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ईशवाना के नव निर्मित भवन तथा कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय पिनान टाइप-3 के नव निर्मित भवन समेत कुल राशि  24.09 करोड़ रूपये की लागत से निर्मित 7 विद्यालयों के नव निर्मित भवनों का लोकार्पण किया एवं चिमरावली सिक्ख में राजकीय विद्यालय में सरस्वती प्रतिमा का अनावरण करने के साथ विभिन्न राजकीय विद्यालयों एवं गांवों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। 

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने आयोजित कार्यक्रमों में अपने संबोधन में कहा कि मानवीय मूल्यों पर आधारित संस्कारित एवं नैतिकता युक्त गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने हेतु राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। इसी कडी में राज्य सरकार प्रदेश में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ शिक्षा तंत्र को सुदृढ़ प्रदान करने हेतु प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ बच्चों को पोषाहार, पाठ्य पुस्तकें, यूनिफार्म, साइकिल, स्कूटी, लेपटॉप, छात्रवृत्ति आदि अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है।

प्रदेश में पहली बार 1 अप्रैल से सत्र प्रारम्भ, 

अलवर जिले के स्कूलों की मरम्मत हेतु 20 करोड़ रूपये की राशि जारी : उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के हित में एवं शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार हेतु प्रदेश में पहली बार 1 अप्रैल से शैक्षणिक सत्र प्रारम्भ किया गया है। इसके परिणामस्वरूप अब तक विद्यालयों में 20 प्रतिशत पाठ्यक्रम पूर्ण हो चुका है। साथ ही पहली बार माध्यमिक बोर्ड की परीक्षाओं के परिणाम मार्च में ही जारी किए गए हैं तथा पहली बार 1 अप्रैल को ही बच्चों को पाठ्य पुस्तकें प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि 20 करोड़ रूपये की राशि जिले के विभिन्न राजकीय विद्यालयों को मरम्मत के लिए जारी की गई है। प्रदेश में स्कूलों आवश्यकतानुसार भवन बनाने व जर्जर भवनों की मरम्मत कराई जा रही है। उन्होंने शिक्षा तंत्र को मजबूती प्रदान करने हेतु 1 लाख शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया चल रही है, जिससे विभिन्न श्रेणी के शिक्षक विभाग को प्राप्त होंगे। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि विद्यालय में पीएमटी में जरूर आएं तथा अपने बच्चों व स्कूल का ध्यान रखे।  

राज्य सरकार प्रति ग्राम पंचायत प्रतिमाह 1 लाख रूपये की राशि कराती है मुहैया, ग्रामीण जागरूक रहकर करावे साफ-सफाई

उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि राज्य सरकार द्वारा हर ग्राम पंचायत को प्रतिमाह साफ-सफाई के लिए 1 लाख रूपये की राशि दी जा रही है। ग्रामीण जागरूक रहकर अपने क्षेत्र में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखे। साफ-सफाई में लापरवाही बरतने पर शिकायत करें, संबंधित अधिकारी व कार्मिक के विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम में उन्होंने प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस दौरान उन्होंने विकास अधिकारी को ग्राम ईशवाना में बस स्टैण्ड पर शौचालय निर्माण कराने के निर्देश दिये।  

इन विद्यालय भवनों का किया लोकार्पण-

शिक्षा मंत्री दिलावर ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ईशवाना में 4.49 करोड़ रूपये की लागत राशि से निर्मित विद्यालय भवन, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय पिनान टाइप-3 में 2.10 करोड़ रूपये की लागत से निर्मित नवीन भवन तथा नेताजी सुभाष चन्द बोस बालिका आवासीय विद्यालय जमालपुर (लक्ष्मणगढ), मानकपुर गोठडी (कठूमर), सहजपुर व बंजीरका (रामगढ), महुआखुर्द (मालाखेडा), नंगला (रामगढ), चांदौली (उमरैण) एवं मातोर (मुण्डावर) में 2.50-2.50 करोड़ रूपये की लागत से नवीन भवनों का लोकार्पण किया। 

चिमरावली सिक्ख स्कूल में किया सरस्वती माता की प्रतिमा का अनावरण,

 मौके पर ही कार्य व्यवस्था हेतु लगाए शिक्षक, कई घोषणाएं भी की  : शिक्षा मंत्री ने ग्राम चिमरावली सिक्ख में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में सरस्वती माता की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि माता सरस्वती ज्ञान की देवी है जो सद्बुद्धि प्रदान करने के साथ-साथ जीवन में उन्नति करने हेतु ज्ञान का प्रकाश हमें प्रदान करती है। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की मरम्मत व सौंदर्यकरण हेतु 15 लाख रूपये की घोषणा की। साथ ही उन्होंने गांव चिमरावली सिक्ख में स्ट्रीट लाइट लगवाने की घोषणा की, गांव की सभी गलियों में नालिया बनाने एवं नियमित साफ -सफाई कराने हेतु विकास अधिकारी को निर्देशित किया तथा निर्देश दिये कि जब भी गाँवों में सड़क बने तो साथ में नाली भी बनाई जावे। चिमरावली सिक्ख स्कूल में शिक्षकों की कमी के बारे में अवगत कराने पर शिक्षा मंत्री दिलावर ने मौके पर ही सीडीईओ को विद्यालय की कार्य व्यवस्था हेतु निर्देशित किया कि जिस पर सीडीईओ ने त्वरित कार्यवाही करते हुए विद्यालय में आवश्यकतानुसार 3 शिक्षकों के कार्य व्यवस्था हेतु आदेश जारी किए, जिसकी ग्रामीणों ने खुलेमन से सराहना की। उन्होंने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय पिनान में खेल मैदान हेतु भूमि आवंटित करने हेतु एसडीओ को निर्देशित किया। साथ ही विकास अधिकारी को खेल मैदान की चार दीवारी कराने के लिए निर्देश दिये तथा ग्रामीणों से आह्वान किया कि खेल मैदान की चार दीवारी के आसपास पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभाएं। इस दौरान उन्होंने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *