17 से 18 जनवरी तक राजस्थान का भ्रमण कर संसदीय परम्पराओं का करेंगे अध्ययन, पर्यटन स्थलों पर भी जाने का है कार्यक्रम
कॉंन्फ्रेंस ऑफ स्पीकर्स एंड प्रेसाइडिंग ऑफिसर्स ऑफ द कॉमनवेल्थ(सीएसपीओसी) प्रतिनिधियों के द्विवार्षिक सम्मेलन की मेजबानी इस बार नई दिल्ली को मिली है। आगामी 14 जनवरी से 16 जनवरी तक आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में भाग लेने के लिए अब तक 60 देशों के 166 प्रतिनिधियों की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। ये प्रतिनिधि 17 से 18 जनवरी तक राजस्थान आकर यहां की संसदीय परम्पराओं को जानेंगे और राज्य के महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी करेंगे।
इस दौरे की तैयारियां समय पर सुनिश्चित करने के लिए गुरूवार को मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने सम्बंधित अधिकारियों की सचिवालय में बैठक ली। उन्होंने कहा कि राष्ट्रमण्डल देशों की राष्ट्रीय संसदों के प्रतिनिधियों का दौरा राज्य के लिए बड़ा महत्वपूर्ण है। अतिथि देवो भव की परम्परा के अनुसार उनका सत्कार किया जाएगा ताकि वे अपने साथ यहां की सुखद छवि लेकर जाएं। यहां की संस्कृति, लोक कला की झांकी भी उनके समक्ष प्रस्तुत की जाएगी ताकि पर्यटन में राजस्थान का वैश्विक ब्रांड अधिक मजबूत हो सके। उन्होंने आवास, सुरक्षा, ट्रैफिक, पार्किंग व पयर्टन स्थलों पर सुविधाओं के सम्बंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि सीएसपीओसी राष्ट्रमण्डल देशों के बीच संसदीय परंपराओं और नवाचारों के अनुभवों को साझा करने का महत्वपूर्ण मंच है। इसका पिछला सम्मलेन जनवरी, 2024 में युगांडा की राजधानी कंपाला में आयोजित किया गया था। नई दिल्ली ने पिछली बार वर्ष 2010 में इस सम्मलेन की मेजबानी की थी।
https://shorturl.fm/6LSBB
https://shorturl.fm/O6Lf0