नीट पीजी परीक्षा-2026 के सफल आयोजन के लिए मुख्य सचिव ने की बैठक, 12 जिलों में 48 परीक्षा केन्द्रों पर 30 अगस्त को होगी नीट पीजी परीक्षा

Spread the love

ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार/ परिष्कार पत्रिका जयपुर। आयुर्विज्ञान में राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड द्वारा प्रदेश के 12 जिलों में 48 परीक्षा केन्द्रों पर आगामी 30 अगस्त को नीट पीजी परीक्षा-2026 आयोजित की जाएगी। परीक्षा के सुचारू एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर गुरुवार को शासन सचिवालय में मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने संबंधित विभागों के प्रशासनिक सचिवों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि परीक्षा के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें तथा एनबीईएमएस के अधिकारियों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखें। उन्होंने परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, यातायात, विद्युत सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि नीट पीजी जैसी महत्वपूर्ण राष्ट्रीय परीक्षा के आयोजन में राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाए तथा परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो। उन्होंने निर्धारित प्रोटोकॉल एवं एनबीईएमएस के दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री  राठौड़ ,आयुक्त चिकित्सा शिक्षा बाबूलाल गोयल सहित संबंधित विभागों के प्रशासनिक सचिव एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी संभागीय आयुक्त, पुलिस विभाग के अधिकारी एवं एनबीईएमएस के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *