भामाशाहों का सहयोग विद्यालय प्रगति की मजबूत नींव : जोराराम कुमावत गार्गी पुरस्कार विजेता छात्राओं का किया सम्मान

Spread the love

16 दानदाताओं-भामाशाहों को किया सम्मानित

ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार/ परिष्कार पत्रिका जयपुर। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुमेरपुर का वार्षिकोत्सव एवं भामाशाह सम्मान समारोह-2026 शनिवार को पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग मंत्री जोराराम कुमावत के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया। समारोह में 10वीं की छात्रा प्रिया सोहन सिंह को गार्गी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें सम्मान स्वरूप 1100 रुपए नकद व मेडल देकर पुरस्कृत किया गया। 12वीं की 75% से अधिक अंक पाने वाली 9 मेधावी छात्राओं को बालिका प्रोत्साहन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 10 बालिकाओं को प्रधानाचार्य डिंपल चौधरी की ओर से सम्मान स्वरूप 1100 व 500 रुपए की नकद राशि देकर प्रोत्साहित किया गया।

कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने शिक्षा के क्षेत्र में उन्नयन के लिए सहयोग देने वाले 16 दानदाताओं-भामाशाहों को उनके कार्य के लिए सम्मानित किया। उन्होंने भामाशाहों को स्मृति चिन्ह देकर और साफा व फूलमालाएं पहनाकर उनका सम्मान किया। विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन व कक्षावार प्रथम व द्वितीय रही कुल 110 छात्राओं तथा सर्वश्रेष्ठ अनुशासित छात्रा को भी मेडल देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न विषयों में श्रेष्ठ परीक्षा परिणाम देने वाले अध्यापकों तथा स्वतंत्रता दिवस व गणतंत्र दिवस के जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया।   

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री कुमावत ने सम्मानित होने वाली छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां व्यक्तित्व विकास में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यालय के विकास में सहयोग देने वाले भामाशाहों को बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भामाशाहों का सहयोग विद्यालय की प्रगति की मजबूत नींव है। कुमावत ने कहा कि इनसे प्रेरणा लेकर समाज के अन्य लोग भी शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने के लिए प्रेरित होंगे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *