अजमेर के विकास में नया मील का पत्थर, 20 करोड़ लागत से बनेगा बालिका सैनिक स्कूल, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के प्रयास लाए रंगवर्क ऑर्डर जारी, 15 माह में बनेगा स्कूल

Spread the love

ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार/ परिष्कार पत्रिका अजमेर।   अजमेर के शिक्षा विकास इतिहास में नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के निवेदन पर मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने हाथीखेड़ा क्षेत्र में 20 करोड़ की लागत से बालिका सैनिक स्कूल बनाने पर सहमति दी थी। अब इसका  वर्क ऑर्डर जारी हो गया है।  

     राज्य बजट घोषणा के तहत हाथीखेड़ा क्षेत्र में बनने वाले राजकीय बालिका सैनिक स्कूल के नवीन भवन निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस महत्वाकांक्षी प्रकल्प का निर्माण कार्य समग्र शिक्षा अभियान (समसा) के माध्यम से कराया जाएगा। निर्माण कार्य आगामी अगस्त  से प्रारंभ होकर 15 माह में पूर्ण होने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

 देवनानी ने बताया कि बालिका सैनिक स्कूल के लिए नया भवन करीब 20 एकड़ जमीन पर बनने जा रहा है। बालिका सैनिक स्कूल का नया परिसर आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा। इसमें अत्याधुनिक एकेडमिक ब्लॉक, छात्रावास , प्रशासनिक भवन, आवासीय क्वार्टर, कक्षा-कक्ष, इंडोर गेम्स हॉल, खेल मैदान, बास्केटबाल कोर्ट, वॉलीबाल कोर्ट, टेनिस कोर्ट, परेड ग्राउंड, चारदीवारी, आंतरिक सड़कें, पार्किंग, ट्यूबवेल सहित अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। इससे छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सैन्य प्रशिक्षण के अनुरूप आधुनिक वातावरण उपलब्ध होगा।

देवनानी ने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद अजमेर देश के उन चुनिंदा शहरों में शामिल होगा, जहां बालिकाओं के लिए समर्पित सैनिक स्कूल संचालित होगा। यह संस्थान प्रदेश की बेटियों को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रसेवा की भावना के साथ उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

     उन्होंने बताया कि विद्यालय तक सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पूर्व में ही लगभग 4.50 करोड़ रुपये की लागत से अप्रोच रोड का निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जा चुका है। अब भवन निर्माण की स्वीकृति मिलने से परियोजना को और गति मिलेगी तथा निर्धारित समय सीमा में इसे पूर्ण करने के प्रयास किए जाएंगे।

     गौरतलब है कि इस संबंध में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने पूर्व में सर्किट हाउस अजमेर में शिक्षा विभाग से संबंधित अधिकारियों की बैठक ली थी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से हाथीखेड़ा क्षेत्र में बनने वाले बालिका सैनिक स्कूल की प्रगति की जानकारी ली थी। इस संबंध में देवनानी ने जयपुर में बात कर जल्द ही वर्क ऑर्डर जारी करने हेतु निर्देशित किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *