“स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान” के अंतर्गत जिले में आयोजित हो रहे शिविरों में बड़ी संख्या में महिलाओं को मिल रहा उपचार

Spread the love

ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार/ परिष्कार पत्रिका जयपुर। जिले में गत दिनांक 17 सितम्बर 2025 से प्रारम्भ हुए“स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान” शिविरों में बड़ी संख्या में महिलाओं का उपचार किया जा रहा है। शिविर समस्त उप जिला अस्पतालों, सीएचसी, पीएचसी, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं उप स्वास्थ्य केंद्रों परआगामी 02 अक्टूबर तक आयोजित किए जाएंगे।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि “स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान” के अंतर्गत आयोजित हो रहे शिविरों में बड़ी संख्या में महिलाएं लाभ ले रही हैं।

जिले में शिविरों में महिलाओं, किशोरियों एवं बच्चों के लिए विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। महिला स्वास्थ्य जांच : उच्च रक्तचाप, मधुमेह, एनीमिया, टीबी, कैंसर (ओरल, ब्रेस्ट एवं सर्विकल) की जाँच की जा रही है। मातृ एवं शिशु देखभाल : प्रसव पूर्व एवं पश्चात् जाँच, बच्चों का टीकाकरण किया जा रहा है। “स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान”शिविरों में माँ योजना के अंतर्गत रजिस्ट्रेशन एवं आयुष्मान भारत कार्ड बनाए जा रहे हैं। स्वास्थ्य कियोस्क पर एनसीडी स्क्रीनिंग, कैंसर स्क्रीनिंग, मातृ-शिशु देखभाल, पोषण परामर्श, आयुष सेवाएं, रक्तदान एवं टीबी जांच जैसी सेवाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि शिविरों में स्त्री रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, ईएनटी विशेषज्ञ, दंत चिकित्सक, फिजिशियन एवं आयुष चिकित्सकों की सेवाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि अभियान के प्रमुख उद्देश्य महिलाओं की स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाना, गैर-संचारी रोगों, कैंसर, एनीमिया, टीबी एवं सिकल सेल स्क्रीनिंग पर फोकस,मासिक धर्म स्वच्छता एवं पोषण को बढ़ावा देना,मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, एएनसी जाँच व टीकाकरण को प्रोत्साहन एवं समुदाय को स्वास्थ्य जागरूकता से जोड़ना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *