
ब्यूरो चीफ रवि सिंह किरार, परिष्कार पत्रिका जयपुर/श्रीनगर। राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान की प्रतिभा का परचम लहराते हुए ताइक्वांडो खिलाड़ी पूर्वा जोधा ने 70वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) प्रतियोगिता 2026 में सिल्वर मेडल हासिल किया। श्रीनगर में आयोजित इस प्रतियोगिता के अंडर-17 बालिका वर्ग के 32 किलोग्राम भार वर्ग में पूर्वा ने अपने दमदार प्रदर्शन से फाइनल तक पहुंचकर राजस्थान को गौरवान्वित किया।
प्रतियोगिता में पूर्वा ने शुरुआत से ही प्रतिद्वंद्वियों पर बढ़त बनाए रखी। राउंड-32 में गुजरात की पंचाल कृष्णा को 2-0 से हराया। इसके बाद राउंड-16 में महाराष्ट्र की वैष्णवी को 2-0 से शिकस्त दी। क्वार्टर फाइनल में हरियाणा की पूर्वी को 2-0 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में मध्यप्रदेश की अनुकृति के खिलाफ भी पूर्वा ने 2-0 से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह पक्की की।
फाइनल में तमिलनाडु की खिलाड़ी के साथ पूर्वा का मुकाबला रोमांचक रहा। कड़ी टक्कर के बाद उन्हें 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। इस तरह पूर्वा ने प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल हासिल किया।
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर का प्रतिनिधित्व करने वाली पूर्वा ने लगातार चार मुकाबलों में जीत दर्ज कर अपनी खेल प्रतिभा और मेहनत का परिचय दिया। उनकी इस उपलब्धि से राजस्थान के खेल जगत में खुशी का माहौल है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में फाइनल तक पहुंचकर रजत पदक जीतना प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि है।
श्रीनगर में 22 से 26 अक्टूबर 2026 तक आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पूर्वा की सफलता राजस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बनी।