
ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार/ परिष्कार पत्रिका जयपुर। निदेशालय, समेकित बाल विकास सेवाएँ (ICDS), राजस्थान द्वारा विकसित भारत जन सेवा अभियान (17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026) के अंतर्गत 25 से 27 सितम्बर 2026 तक प्रदेश के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन हुआ।
तीन दिवसीय इस उत्सव में प्रदेश के लगभग 63 हजार आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें अनुमानित रूप से लगभग 1 करोड़ से अधिक लोगों ने सहभागिता की। यह पहला अवसर था जब आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को इस स्तर पर सम्मान दिया गया।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं का सम्मान किया गया, उन्हें माननीय प्रधानमंत्री का पत्र दिया गया, माला पहनाई गई और पौधा भेंट किया गया। कार्यक्रम की विशेषता रही कि इसमें स्थानीय शहरी व ग्रामीण आमजन के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान आंगनबाड़ी में आने वाली गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं धात्री माताओं के बच्चों का अन्नप्राशन भी करवाया गया।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर लोकगीतों, लोकधुनों और लोक नृत्य के साथ महिलाओं ने उत्सव मनाया। पोषण और IEC गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। आंगनबाड़ी दीदियों को पहली बार यह महसूस हुआ कि देश की नई पीढ़ी के निर्माण में उनके योगदान को समाज में पहचान मिली है और भव्यता के साथ सराहा जा रहा है।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का धन्यवाद दिया। प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना और मुख्यमंत्री मातृत्व पोषण योजना तथा अन्य योजनाओं की लाभार्थी महिलाओं ने भी आंगनबाड़ियों पर उपलब्ध करवाई जा रही सेवाओं के लिए आभार जताया। इस अवसर पर समूचे प्रदेश में जनप्रतिनिधियों और भामाशाहों द्वारा अपने क्षेत्र की आंगनबाड़ियों के सुदृढ़ीकरण के लिए आर्थिक सहयोग की घोषणाएं भी की गईं।
शासन सचिव, महिला एवं बाल विकास विभाग पूनम ने बताया कि 25 से 27 सितम्बर तक चला यह तीन दिवसीय कार्यक्रम रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। उन्होंने कहा, “आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं द्वारा निभाई जा रही यह महती भूमिका सम्मान के योग्य है। ‘आंगन मिलन सेवा’ का आयोजन इसी उद्देश्य से किया गया है।”
निदेशक, आईसीडीएस वासुदेव मालावत ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जन सेवा, सामाजिक सरोकार और पोषण-स्वास्थ्य योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है। इस आयोजन में वृहद स्तर पर जन-भागीदारी रही और बड़े स्तर पर जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। उन्होंने नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, संस्था प्रधानों, शिक्षकों, चिकित्सकों, राजीविका सदस्यों, पोषण सखी, SMC, SHG समूहों का आभार जताया जिन्होंने अपने क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्र पर पहुंचकर कार्यक्रम को भव्य रूप से सफल बनाया।