एसीबी सीकर इकाई द्वारा बड़ी कार्रवाई – अयोध्या साइबर क्राइम थाने के चार पुलिसकर्मी 2.80 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

Spread the love

ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार/ परिष्कार पत्रिका जयपुर। ए.सी.बी. मुख्यालय के निर्देश पर ए.सी.बी. इकाई सीकर द्वारा आज ट्रैप कार्यवाही करते हुए पुलिस थाना साइबर क्राइम, जनपद अयोध्या के यशवन्त सिंह, उप निरीक्षक, पवन त्रिपाठी, कांस्टेबल नं. 152253646, सोहनलाल, कांस्टेबल नं. 162170782 एवं गौरव चारग, कांस्टेबल नं. 192250681 को परिवादी से 2,80,000/- रुपये रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि ए.सी.बी. को परिवादी द्वारा शिकायत प्रस्तुत की गई थी कि उसके भाई के विरुद्ध पुलिस थाना साइबर क्राइम, जनपद अयोध्या में दर्ज मुकदमा संख्या 22/2024 में उसके भाई का नाम हटाने की एवज में आरोपी पुलिसकर्मियों द्वारा रिश्वत राशि की मांग की जा रही है।

शिकायत के क्रम में दिनांक 17.08.2026 को रिश्वत राशि मांग का सत्यापन करवाया गया। सत्यापन के दौरान आरोपी गौरव चारग, कांस्टेबल द्वारा परिवादी से 4,00,000/- रुपये रिश्वत राशि की मांग की गई तथा बातचीत के दौरान 2,80,000/- रुपये में रिश्वत राशि लेना तय हुआ।

मांग की पुष्टि के उपरांत आज ए.सी.बी. जयपुर के उप महानिरीक्षक डॉ रामेश्वर सिंह के सुपरवीजन में ए.सी.बी. सीकर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय कुमार के नेतृत्व एवं पुलिस निरीक्षक सुभाष मील मय टीम द्वारा ट्रैप कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान आरोपीगण यशवन्त सिंह, उप निरीक्षक, पवन त्रिपाठी कांस्टेबल, सोहनलाल कांस्टेबल एवं गौरव चारग कांस्टेबल की मौजूदगी में आरोपी सोहनलाल कांस्टेबल द्वारा परिवादी से 2,80,000/- रुपये रिश्वत राशि प्राप्त की गई। इस पर ए.सी.बी. टीम द्वारा चारों आरोपी पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया गया।

ए.सी.बी. की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक पुलिस एस परिमला के सुपरवीजन में आरोपीगण से पूछताछ एवं अग्रिम कार्यवाही जारी है। ए.सी.बी. द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टोल फ्री हेल्पलाइन नम्बर 1064 एवं व्हाट्सएप हेल्पलाइन नम्बर 94135-02834 पर 24×7 सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। एसीबी आपके वैध कार्य को करवाने में पूरी सहायता करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *