अब अजमेर भी सैनिक स्कूलों के नक्शे पर, देशभर में नई पहचान बनेगी-श्री देवनानी, विधानसभा अध्यक्ष ने किया बालिका सैनिक स्कूल का शिलान्यास

Spread the love

20 करोड़ की लागत से बनेगा, बालिकाओं को मिलेगी विश्वस्तरीय सुविधाआधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा नया परिसर

 ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार/ परिष्कार पत्रिका जयपुर।  अजमेर के हिस्से में एक बड़ी उपलब्धि हासिल होने जा रही है। अब अजमेर भी देश के उन चुनिंदा शहरों के नक्शे में शामिल होगा, जहां बालिका सैनिक स्कूल है। इस स्कूल में पहले साल में 200 बालिकाओं को प्रवेश मिलेगा। स्कूल में बालिकाओं को विश्व स्तरीय आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सोमवार को हाथीखेड़ा गांव बालिका सैनिक स्कूल की नींव रखी। इस अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा ने राज्य बजट में अजमेर में बालिका सैनिक स्कूल की घोषणा कर प्रदेश की बेटियों को सशक्त बनाने की दिशा में ऎतिहासिक पहल की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्थापित किए जा रहे पांच बालिका सैनिक स्कूलों में से एक अजमेर में बनाया जा रहा है। आज देश की महिलाएं सेना में हर क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और ऎसे में बालिकाओं के लिए सैनिक स्कूल की स्थापना उन्हें राष्ट्रसेवा के लिए तैयार करने में मील का पत्थर साबित होगी।

     उन्होंने कहा कि परियोजना पूर्ण होने के बाद अजमेर देश के उन चुनिंदा शहरों में शामिल होगा, जहां बालिकाओं के लिए समर्पित सैनिक स्कूल संचालित होगा। हाथीखेड़ा स्थित विद्यालय परिसर के समीप वरुण सागर एवं अरावली पर्वतमाला का प्राकृतिक वातावरण इसे सैनिक प्रशिक्षण और अध्ययन के लिए आदर्श स्थान बनाता है। बालिका सैनिक स्कूल प्रदेश की बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के साथ-साथ उन्हें राष्ट्रीय रक्षा सेवाओं एवं नेतृत्व के क्षेत्र में उत्कृष्ट अवसर प्रदान करेगा तथा अजमेर को शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा। देवनानी ने कहा कि लगभग 20 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह विद्यालय अजमेर के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि होगा। नया परिसर 30 एकड़ भूमि पर विकसित किया जाएगा तथा इसका निर्माण समग्र शिक्षा अभियान (समसा) के माध्यम से कराया जाएगा। निर्माण कार्य 15 माह में पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विद्यालय तक सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पूर्व में ही लगभग 4.50 करोड़ रुपये की लागत से अप्रोच रोड का निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जा चुका है।

     उन्होंने कहा कि यह संस्थान प्रदेश की बेटियों को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं राष्ट्रसेवा की भावना से ओत-प्रोत करते हुए उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रदान करेगा। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस परिसर में 8.18 करोड़ रूपए से अत्याधुनिक प्रशासनिक भवन, एकेडमिक ब्लॉक-अत्याधुनिक क्लासरूम और लैब, सुसज्जित कक्षा-कक्ष, 5.18 करोड़ रूपए से 200 छात्राओं की क्षमता वाला आधुनिक हॉस्टल, 2 करोड़ रूपए की लागत से स्कूल स्टाफ के लिए कैंपस के भीतर आवासीय क्वार्टर, 1.50 करोड़ रूपए से इंडोर गेम्स हॉल, एक करोड़ रूपए की लागत से आउटडोर खेल मैदान, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल एवं टेनिस कोर्ट, परेड ग्राउंड, 45 लाख रूपए से बाउंड्री वॉल सहित आंतरिक सड़कें, पार्किंग, ट्यूबवेल सहित सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *