
आयुर्वेद जीवन जीने की कला सिखाती है, सही खान-पान और रहन-सहन स्वस्थ रहने का मंत्र : उप मुख्यमंत्री
ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार/ परिष्कार जयपुर। उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने शनिवार को यहां महवा के समलेटी गांव में आयुर्वेद चिकित्सा महाविद्यालय एवं चिकित्सालय का विधिवत भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। साथ ही, उन्होंने केंद्रीय बस स्टैंड महवा के नवीनीकरण एवं सौंदर्यकरण कार्यों का लोकार्पण भी किया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री डॉ. बैरवा ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि यह दिन केवल भवन के निर्माण के शुभारंभ का ही नहीं अपितु आने वाली पीढ़ियों के शिक्षा, स्वास्थ्य एवं समृद्धि के संकल्प का आधार है। यह महवा क्षेत्र के साथ पूरे राजस्थान के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने देश एवं प्रदेश के विकसित होने का आधार गांवों के स्वस्थ, शिक्षित और मजबूत होने को बताया। उन्होंने आधुनिक चिकित्सा क्षेत्र में प्रगति के साथ स्वस्थ रहने एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि योग को अपने दैनिक जीवन में अपनाकर हम तनाव, रक्तचाप इत्यादि से दूर रह सकते हैं। भारत ने विश्व को योग दिया एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका विश्व में व्यापक प्रचार प्रसार किया ताकि ‘सभी निरोगी रहे’।
उन्होंने कहा कि बीमारी पश्चात दवाई देना महत्वपूर्ण है किंतु उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है बीमारी को होने से रोक देना। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में आयुष विभाग निरंतर प्रगतिरत है एवं पंचकर्म जैसी सुविधा आमजन को उपलब्ध करवा रहा है। मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण औषधियाँ निशुल्क उपलब्ध करवाई जा रही है।
उन्होंने आयुर्वेद की महत्ता बताते हुए कहा कि यह प्रकृति के साथ चलने की सीख देता है। यहां आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय बनने से क्षेत्र का चहुंमुखी विकास होगा। यह लोगों के आर्थिक विकास का आधार सिद्ध होगा। उन्होंने स्वच्छ समाज बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यह केवल अस्पताल बनाने से संभव नहीं होगा अपितु अनुशासित जीवन, अच्छे विचारों एवं वातावरण से निर्मित होगा।
केंद्रीय बस स्टैंड के सौंदर्यकरण कार्यों का किया लोकार्पण : उप मुख्यमंत्री ने महवा स्थित केंद्रीय बस स्टैंड के नवीनीकरण एवं सौंदर्यकरण कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इससे यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा क्षेत्र की यातायात व्यवस्था भी अधिक सुव्यवस्थित होगी। महवा बस स्टैंड का नया स्वरूप क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा स्थानीय व्यापार एवं आवागमन को भी बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर गणमान्य नागरिक एवं आमजन उपस्थित रहे।