देश की एकता,अखंडता के लिए हम सभी को एकमुखी होकर राष्ट्र को सशक्त बनाने की दिशा में करना चाहिए काम : मदन राठौड़

Spread the love


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने राष्ट्रीय ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस को “राष्ट्र नीति” के रूप में मनाने का दिया संदेश
ब्यूरो चीफ रवि सिंह किरार/ परिष्कार पत्रिका जयपुर।  भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया। राठौड़ ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल प्रतीकात्मक आयोजन न रह जाए, बल्कि यह उत्सव के रूप में पूरे देश में मनाया जाए। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर तिरंगा फहराने, तिरंगा यात्राएं निकालने जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से जनभागीदारी को सशक्त बनाएं। राठौड़ ने कहा कि “देश की एकता और अखंडता के लिए हम सभी को एकमुख होकर राष्ट्र को सशक्त बनाने की दिशा में काम करना चाहिए। यह दिन केवल जश्न का नहीं, बल्कि संकल्प का भी दिन है। हमें राजनीति से ऊपर उठकर ‘राष्ट्र नीति’ को अपनाना चाहिए।”

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि देश की आजादी के लिए न जाने कितने वीरों ने अपना बलिदान दिया, अनेकों ने कष्ट सहे। 14 अगस्त 1947 की विभाजन विभीषिका का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय लाखों लोगों को अपने घर-परिवार छोड़कर भारत आना पड़ा, यह इतिहास हमें आज भी संवेदनशील बनाता है। मीडिया से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस को दीपावली और होली जैसे त्यौहारों की तरह मनाया जाना चाहिए, जिससे देशभक्ति जन-जन के मन में जागृत हो। उन्होंने कहा कि हर नागरिक अपने घर पर तिरंगा लगाकर गर्व का अनुभव करे। राठौड़ ने सभी से अपील करते हुए कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करें और इस बात का संकल्प लें कि हमारे हर कार्य में राष्ट्रहित सर्वोपरि रहेगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि “राजनीति का समय आए तब राजनीति करें, लेकिन आज के दिन राष्ट्रनीति को अपनाएं। विपक्ष हो या पक्ष, देशभक्ति दोनों में होना आवश्यक है, तभी लोकतंत्र मजबूत होगा।” उन्होंने कहा कि कुछ लोग आज भी भ्रमित हैं, जब देश संकट में हो और वे विरोधी की भाषा बोलें, तो यह राष्ट्र हित के विपरीत है। ऐसे लोगों में देशभक्ति जागृत करने की आवश्यकता है। अमेरिका से संबंधित टैरिफ विवाद का संदर्भ देते हुए उन्होंने कहा कि भारत का पक्ष न लेकर केवल नेतृत्व की आलोचना करना अनुचित है, और यह राष्ट्र नीति के अनुरूप नहीं है।
कार्यक्रम में सांसद घनश्याम तिवाडी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, सतीश पूनिया, विधायक बाल मुकुंदाचार्य, गोपाल शर्मा, प्रदेश मंत्री स्टेफी चौहान, अजीत मांढण, पिंकेश पोरवाल, महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सुमन शर्मा, भाजपा कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, मेयर सौम्या गुर्जर सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। भाजपा कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक ने मंच संचालन किया। इस अवसर पर सांसद मंजू शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *