प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सार्वजनिक जीवन जनसेवा को समर्पित, 51 लाख करोड़ रुपये पहुंचे गरीबों के खातों में- राज्यसभा सांसद नितिन नवीन 

Spread the love

पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती- सेवा संकल्प सभा, अंत्योदय की भावना साकार कर रही डबल इंजन सरकार, जनता के सुख-दुख में साथ रहने में ही जनप्रतिनिधि की सार्थकता—संकल्प पत्र के 78 प्रतिशत वादे ढाई साल में ही पूरे – मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 

ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार/ परिष्कार पत्रिका जयपुर।  राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान में डबल इंजन की सरकार विकास की योजनाओं को गांवों और कस्बों तक पहुंचा रही है, जिससे पंडित दीनदयाल उपाध्याय की अंत्योदय की भावना धरातल पर साकार हो रही है। 

2636 करोड़ रुपये के 929 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास—

राज्यसभा सांसद नितिन नवीन एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने  विभिन्न जिलों को 2636 करोड़ रुपये के 929 विकास कार्यों की सौगात दी। सार्वजनिक निर्माण विभाग के 957 करोड़ से अधिक के 451 कार्यों, विद्युत विभाग के 1,246 करोड़ के 135 कार्यों, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के 302 करोड़ के 70 कार्यों, आयुर्वेद विभाग के 2.90 करोड़ के 9 से अधिक कार्यों, स्कूल शिक्षा विभाग के 32.06 करोड़ के 149 से अधिक कार्यों, उच्च शिक्षा विभाग के 46 करोड़ से अधिक के 8 कार्यों तथा खेल एवं युवा विकास विभाग के 6.50 करोड़ के विभिन्न कार्यों सहित अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।

राज्यसभा सांसद नितिन नवीन शुक्रवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की उपस्थिति में जयपुर के दादिया में आयोजित सेवा संकल्प सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अंत्योदय की भावना को जमीन तक पहुंचाने के सबसे बड़े सारथी विधायक, सांसद, हमारे निकाय और पंचायत के प्रतिनिधि हैं क्योंकि उनका सीधे जनता से जुड़ाव होता है। अंत्योदय की परिकल्पना को कोई साकार कर सकता है, तो वह थ्री-टायर सिस्टम के हमारे निकाय और पंचायतीराज व्यवस्था के जनप्रतिनिधि ही कर सकते हैं।

नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पिछले 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन जनता की सेवा को समर्पित रहा है। उनसे प्रेरित होकर हमें सेवा के भाव से कार्य करते हुए आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने जनप्रतिनिधि के रूप में लंबे समय तक कार्य करने के अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली का जनता से सीधा जुड़ाव होना चाहिए। 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार गरीब कल्याण की भावना से काम कर रही है। देशभर में 4 करोड़ से अधिक गरीबों को आवास, स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 12 करोड़ शौचालयों के निर्माण से महिलाओं की गरिमा और सम्मान सुनिश्चित हुआ है और 60 करोड़ परिवारों को आयुष्मान योजना का कवच मिला है। पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से 75 लाख से अधिक रेहड़ी-पटरी वालों को लाभ मिला है। 51 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि गरीब के खाते में डीबीटी के माध्यम से पहुंची है। इसलिए गरीबों एवं महिलाओं का आशीर्वाद उनकी सरकार के साथ है। प्रधानमंत्री ने स्वच्छता की सोच से पूरे देशवासियों को जोड़कर इसे घर-घर का मिशन बनाया है। आज का युवा केवल जॉब सीकर नहीं, बल्कि जॉब गिवर बनकर उभर रहा है। वहीं, 3 करोड़ से अधिक लखपति दीदी आत्मनिर्भर बनकर आगे बढ़ रही हैं। 

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से लेकर 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान से हम सब को जुड़ना है और जनता के सुख-दुख में भागीदार बनने में ही जनप्रतिनिधि की सार्थकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के विजन के अनुरूप विगत पौने तीन साल के कार्यकाल में प्रदेश में पानी, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन के क्षेत्र में ऐतिहासिक काम हुए हैं। वहीं लाखों युवाओं का रोजगार का सपना साकार हुआ है।

उन्होंने कहा कि रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, किशाऊ परियोजनाओं से प्रदेश ने जल आत्मनिर्भता की ओर मजबूत कदम बढ़ाए हैं। हमारी सरकार ने संकल्प पत्र के 78 प्रतिशत काम सिर्फ ढाई साल के कार्यकाल में ही पूर्ण कर लिए हैं। युवा, महिला, किसान, मजदूर के कल्याण की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। 

36 लाख लाभार्थियों को 400 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी—

राज्यसभा सांसद नितिन नवीन एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विभिन्न योजनाओं के 36 लाख लाभार्थियों के खातों में 400 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की। पालनहार योजना के 4 लाख 75 हजार लाभार्थियों को 50 करोड़ रुपये, एलपीजी सब्सिडी भुगतान योजना के तहत 30 लाख लाभार्थियों को 100 करोड़, गोपालन योजना के तहत 723 पात्र गोशालाओं को 200 करोड़ एवं फसल खराबा योजना के तहत 40 हजार 123 प्रभावित काश्तकारों को 49 करोड़ 94 लाख रुपये की कृषि आदान-अनुदान सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की।

इस अवसर पर केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी व डॉ. प्रेम चन्द बैरवा, सांसद मदन राठौड़ सहित मंत्रीगण, सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *