जयपुर/कोटा, 05 नवंबर। राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय (आरटीयू), कोटा ने वर्ष 2026 में मर्सी परीक्षा के सफल आयोजन के माध्यम से विभिन्न पाठ्यक्रमों के 2184 विद्यार्थियों को अपनी डिग्री पूर्ण करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया है। विश्वविद्यालय के प्रयासों से विशेष रूप से ऐसे वंचित विद्यार्थियों को लाभ हुआ है जो विभिन्न कारणों से निर्धारित समयावधि में अपना पाठ्यक्रम पूर्ण नहीं कर पाए थे।
आरटीयू के कुलगुरु प्रो. निमित चौधरी ने बताया कि विश्वविद्यालय के इस नवाचार से विद्यार्थियों को अपनी डिग्री पूर्ण करने तथा रोजगार एवं आगे की शिक्षा के अवसरों से जुड़ने में सहायता मिलेगी। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय ने 17 अगस्त से 5 नवंबर तक 2 माह में चार चरणों में बीटेक, बीआर्क, एमटेक, एमबीए, बीएचएमसीटी सहित एमसीए पाठ्यक्रम के पंजीकृत 2184 विद्यार्थियों के समस्त 446 विषयों की परीक्षा ले करउल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को न्यायसंगत और समयबद्ध तरीके से परीक्षा में शामिल होने का स्वर्णिम अवसर प्रदान किया है।
प्रो. चौधरी ने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप परीक्षा प्रणालियों में सुधारात्मक बिंदुओं का समावेश कर तकनीकी शिक्षा पाठ्यक्रम को समय पर पूर्ण करने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहे हैं।