
ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार परिष्कार पत्रिका जयपुर। भाजपा सोशल मीडिया विभाग की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला सोमवार को जयपुर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, सोशल मीडिया विभाग के राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हस्के, प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार एवं प्रदेश सह-प्रभारी कुलजीत सिंह चहल की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुई। कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि सोशल मीडिया आज जनसंवाद का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। पार्टी कार्यकर्ता केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और संगठन की विचारधारा को तथ्यों के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने सोशल मीडिया पर सकारात्मकता, सक्रियता और विश्वसनीयता के साथ काम करने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हस्के ने कहा कि डिजिटल युग में सोशल मीडिया संगठन की ताकत और जनसंपर्क का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रत्येक कार्यकर्ता को डिजिटल योद्धा के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए आधुनिक तकनीक, नए डिजिटल प्लेटफॉर्म और प्रभावी कंटेंट के माध्यम से पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाना चाहिए। उन्होंने प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक सोशल मीडिया टीम को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए अनुशासन, समन्वय और सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। सोशल मीडिया विभाग के कार्यकर्ता पूरी तैयारी और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया केवल पोस्ट साझा करने का माध्यम नहीं, बल्कि संगठन के विचारों और कार्यों को प्रभावी ढंग से समाज तक पहुँचाने का सशक्त मंच है।
प्रदेश सह-प्रभारी कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर समयबद्ध और प्रभावी संवाद अत्यंत महत्वपूर्ण है। सोशल मीडिया कार्यकर्ता स्थानीय मुद्दों, जनभावनाओं और सरकार की उपलब्धियों को समझते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें। उन्होंने डिजिटल माध्यमों पर संगठन की उपस्थिति को और अधिक प्रभावशाली बनाने का आह्वान किया।
कार्यशाला में संगठन की विचारधारा, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों, डिजिटल कंटेंट निर्माण, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रियता तथा प्रदेशभर में सोशल मीडिया संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर भाजपा सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश संयोजक हीरेंद्र कौशिक, आईटी विभाग के प्रदेश संयोजक अविनाश जोशी, मीडिया विभाग के प्रदेश प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ, सह-संयोजक अजय विजयवर्गीय, गिरिल भाटिया, मोहित सनाध्या, विकास शर्मा सहित विभाग के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यशाला में प्रदेशभर में सोशल मीडिया विभाग को और अधिक सक्रिय, संगठित एवं प्रभावी बनाते हुए भाजपा की नीतियों, विचारधारा और सरकार के विकास कार्यों को डिजिटल माध्यमों से व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया गया।