सुशासन और विकास के दो वर्ष — राज्य सरकार की द्वितीय वर्षगांठ पर सोमवार को होंगे विभिन्न आयोजन, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गौसेवा से करेंगे शुरूआत

Spread the love

चिकित्सा संस्थानों में 22 मदर लैब एवं 800 स्पोक्स का शुभारंभ करेंगे – राज्य स्तरीय विकास प्रदर्शनी का होगा उद्घाटन

ब्यूरो चीफ हेमलता किरार/ जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल और दूरदर्शी नेतृत्व में राज्य सरकार सोमवार (15 दिसम्बर) को अपने कार्यकाल के 2 सफल वर्ष पूर्ण करने जा रही है। इस अवधि में राज्य सरकार ने आपणो अग्रणी राजस्थान के संकल्प को साकार करने की दिशा में प्रदेश की जनता के कल्याण के लिए कई ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं।

राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में सोमवार (15 दिसम्बर) को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सांगानेर स्थित पिंजरापोल गौशाला में जाकर गौसेवा करेंगे। इसके पश्चात वे सांगानेर क्षेत्र में ही आयोजित रक्तदान शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करेंगे।

शर्मा राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (आरयूएचएस) परिसर में आयोजित आरोग्य कैम्प एवं रक्तदान शिविर में भी शामिल होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री प्रदेशवासियों को स्वास्थ्य क्षेत्र में सौगात देते हुए चिकित्सा संस्थानों में आउटसोर्स मोड पर 22 मदर लैब एवं 800 स्पोक्स का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही वे 1 हजार दिव्यांगजनों को विभिन्न सहायक उपकरणों का भी वितरण करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के राजकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए नेत्र जांच एवं रक्त जांच (थैलेसीमिया एवं सिकल रोग) शिविर का भी शुभारंभ करेंगे। 

मुख्यमंत्री दोपहर में जवाहर कला केन्द्र में आयोजित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का शुभारंभ करेंगे। सूचना और जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी में आमजन को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *