ब्यूरो चीफ हेमलता किरार/ जयपुर। राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह-2026 में लोक कलाकारों, आर्टिजन्स, विशिष्ट व्यक्तियों, सामाजिक/कला/साहित्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करने वाले विशिष्ट व्यक्तियों / संस्थाओं, खिलाड़ियों, किसानों, पशुपालकों, उद्योगपतियों तथा भामाशाहों, सरकारी कार्मिकों इत्यादि को उनकी विशिष्ट उपलब्धियों/ सेवाओं एवं कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
मंत्रिमण्ल सचिवालय के शासन सचिव डॉ. जोगा राम ने बताया कि पुरस्कृत व्यक्तियों के प्रस्ताव सम्बंधित जिला कलेक्टर 8 प्रतियों में अतिरिक्त मुख्य सचिव/प्रमुख शासन सचिव/शासन सचिव को 22 दिसम्बर तक भेजेंगे। जिला कलक्टर से प्राप्त प्रस्ताव का संबंधित प्रशासनिक विभाग द्वारा परीक्षण व सक्षम स्तर से अनुमोदन प्राप्त कर विभागीय अनुशंसा के साथ मंत्रिमण्डल सचिवालय को भिजवाया जाएगा। राज्य स्तरीय समारोह गणतंत्र या स्वतंत्रता दिवस में प्रशस्ति पत्र से पूर्व में सम्मानित व्यक्तियों /संस्थाओं को पुन: सम्मानित नहीं किया जाएगा। विभाग द्वारा अपने स्तर पर विगत सात वर्षों (वर्ष 2018-2019 से 2024-25) के गोपनीय प्रतिवेदनों का परीक्षण किया जाकर न्यूनतम दो वर्षों के गोपनीय प्रतिवेदन ‘उत्कृष्ट” श्रेणी तथा शेष ‘बहुत अच्छा श्रेणी के होने पर ही प्रस्ताव वार्षिक गोपनीय प्रतिवेदन सहित प्रेषित किए जाएंगे।
राजपत्रित अधिकारियों/ अराजपत्रित कर्मचारियों के अलग-अलग प्रस्ताव भेजें जाने हैं। प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत अधिकारी/कर्मचारी के प्रस्ताव, संबंधित विभागीय अतिरिक्त मुख्य सचिव/प्रमुख शासन सचिव/शासन सचिव के माध्यम से भेजे जाने हैं। एक विभाग से अधिकतम 2 राजपत्रित व 2 अराजपत्रित कार्मिकों के नाम योग्यता प्रमाण-पत्र के लिए प्रस्तावित किए जा सकते हैं। सहकारी संस्था/नगरपालिका/निगम/मण्डल/बोर्ड/जिला परिषद से अधिकतम एक ही अधिकारी या कर्मचारी का प्रस्ताव भेजा जा सकता है। पूर्व में योग्यता प्रमाण-पत्र से सम्मानित जिला कलक्टर/अधिकारी/कर्मचारी के प्रस्ताव नहीं भेजे जाएंगे तथा यह भी प्रमाणित किया जाएगा कि इन्हें पूर्व में योग्यता प्रमाण पत्र से सम्मानित नहीं किया गया है।