


परिष्कार पत्रिका जयपुर। जयपुर जिला माहेश्वरी महिला संगठन, अंतर्गत पूर्वोत्तर राजस्थान प्रदेश की ओर से जवाहर कला केंद्र, जयपुर में आयोजित भव्य “WELCOME GARBA CARNIVAL” का रविवार को उत्साह, उमंग और रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ सफलतापूर्वक आयोजन हुआ।
कार्यक्रम में समाज के परिवारों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। पूरे आयोजन के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, विभिन्न प्रतियोगिताओं, सम्मान समारोह, लकी ड्रॉ और गरबा रास ने उपस्थित लोगों को जोड़े रखा। बच्चों एवं युवाओं के लिए आयोजित ड्राइंग एवं गायन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में संतति रक्षक सम्मान समारोह के साथ विभिन्न प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इसके पश्चात इंटर क्लब प्रस्तुतियों एवं “धरती धोरा री” इंटरजोन प्रतियोगिता ने कार्यक्रम में राजस्थानी संस्कृति के रंग बिखेरे। वहीं आगामी नए प्रोजेक्ट का लोकार्पण भी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।
रात्रि में आयोजित महा गरबा रास में समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने गरबा एवं डांडिया के साथ कार्यक्रम को यादगार बना दिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं आयोजनों के 75 विजेताओं को पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
आयोजन की सफलता पर जयपुर जिला माहेश्वरी महिला संगठन की अध्यक्ष श्रीमती सविता राठी ने सभी समाजबंधुओं, अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी जुड़ाव, महिला नेतृत्व और नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का माध्यम बनते हैं। कार्यक्रम की सफलता में उमा सोमानी , उमा परवाल, उर्मिला लोहिया एवं प्रचार मंत्री दुर्गा राठी सहित संगठन की पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। टीम के सदस्यों ने आयोजन की तैयारियों से लेकर कार्यक्रम के सफल संचालन तक विभिन्न जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाया।
प्रचार मंत्री दुर्गा राठी ने कहा कि “WELCOME GARBA CARNIVAL” केवल मनोरंजन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज की महिलाओं, बच्चों, युवाओं और परिवारों को एक साथ जोड़ने वाला उत्सव रहा। सभी के सहयोग एवं सहभागिता से कार्यक्रम सफल एवं यादगार बन सका।जयपुर जिला माहेश्वरी महिला संगठन ने आयोजन को सफल बनाने के लिए उमा सोमानी और उमा परवाल ने सभी समाजबंधुओं, अतिथियों, प्रतिभागियों, सहयोगियों एवं पूरी आयोजन टीम का आभार व्यक्त किया।