
ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार/ परिष्कार पत्रिका जयपुर। ए.सी.बी. मुख्यालय के निर्देश पर ए.सी.बी. चौकी भरतपुर इकाई द्वारा आज ट्रेप कार्रवाई करते हुए आरोपी गोविन्द मीना, सहायक उपनिरीक्षक, पुलिस थाना अटलबन्ध, जिला भरतपुर को 15,000 रुपये रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि ए.सी.बी. चौकी भरतपुर को एक शिकायत इस आशय की मिली कि परिवादी के पिता द्वारा दर्ज कराए गए दो मुकदमों में कार्रवाई करने की एवज में आरोपी द्वारा 30,000 रुपये रिश्वत राशि की मांग कर परिवादी को परेशान किया जा रहा है।
जिस पर ए.सी.बी. रेंज भरतपुर के उप महानिरीक्षक पुलिस ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में अमित सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, ए.सी.बी. चौकी भरतपुर के निर्देशन में महेन्द्र सिंह, पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रेप कार्रवाई आयोजित की गई।
आज दिनांक 01.09.2026 को ट्रेप कार्रवाई के दौरान आरोपी गोविन्द मीना को परिवादी से रिश्वत राशि की प्रथम किस्त के रूप में 15,000 रुपये लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
ए.सी.बी. की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक पुलिस एस. परिमला के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ एवं अग्रिम कार्रवाई जारी है। ए.सी.बी. द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।
-किसी व्यक्ति के विरुद्ध एसीबी में प्रकरण ( अभियोग, प्राथमिक जांच, आदि) दर्ज होने पर , ACB से सीधे संपर्क कर अपना पक्ष/स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया जा सकता है।
प्रस्तुत स्पष्टीकरण के ACB द्वारा विस्तृत विश्लेषण के उपरांत ही अनुसंधान में निर्णय लिया जाना ACB की कार्य प्रणाली का हिस्सा है।
यह जानकारी एसीबी के डर से धोखाधड़ी आदि के शिकार होने की संभावना के संदर्भ में महत्वपूर्ण है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के टोल फ्री नम्बर 1064 एवं व्हाट्सएप हेल्पलाईन नम्बर 9413502834 पर 24X7 सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के विरूद्ध अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। एसीबी आपके वैध कार्य को करवाने में पूरी सहायता करेगी।