वरिष्ठ अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा-2025,सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन तैयार, 12 जुलाई से 18 जुलाई तक 14 विषयों की परीक्षा का होगा आयोजन

Spread the love

जयपुर जिले में 1200 से अधिक परीक्षा केन्द्रों पर लगभग 4.15 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल-जिला कलक्टर के निर्देशन में प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप

ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार/ परिष्कार पत्रिका जयपुर।  जयपुर, 10 जुलाई। राजस्थान लोक सेवा आयोग, अजमेर द्वारा आयोजित वरिष्ठ अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा-2025 (माध्यमिक शिक्षा विभाग) का आयोजन जयपुर जिले में 12 जुलाई से 18 जुलाई, 2026 तक निर्धारित कार्यक्रमानुसार किया जाएगा। परीक्षा 14 विषयों के लिए विभिन्न पारियों में आयोजित होगी। जयपुर जिले में कुल लगभग 1200 से अधिक परीक्षा केन्द्रों पर करीब 4.15 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट जयपुर के निर्देशन में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है।

परीक्षा के लिए अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर पूर्व) नरेन्द्र कुमार वर्मा को जिला समन्वयक अधिकारी तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक चन्द्र शर्मा को जिला पुलिस नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) सुनील कुमार सिंघल एवं प्रधानाचार्य सुरेश अग्रवाल को सह-समन्वयक अधिकारी बनाया गया है। परीक्षार्थियों के लिए प्रथम पारी में परीक्षा केन्द्रों पर प्रवेश प्रातः 8:00 बजे तक तथा द्वितीय पारी में दोपहर 1:00 बजे तक सुनिश्चित करने की अपील की गई है। प्रथम पारी के लिए प्रातः 9:00 बजे तथा द्वितीय पारी के लिए दोपहर 2:00 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

परीक्षा के सफल संचालन एवं शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कक्ष संख्या 116 में जिला स्तरीय परीक्षा नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। यह नियंत्रण कक्ष 10 एवं 11 जुलाई को प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक तथा 12 जुलाई से 18 जुलाई, 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 8:00 बजे से परीक्षा समाप्ति तक संचालित रहेगा। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नम्बर 0141-2206699 रहेगा।

जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा दिवस पर समय से पूर्व अपने परीक्षा केन्द्र पर पहुंचे, मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र एवं प्रवेश पत्र साथ लाएं तथा आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *