प्रधानमंत्री का 4 जुलाई को प्रस्तावित राजस्थान दौरा – मुख्यमंत्री ने पचपदरा रिफाइनरी का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश ! रिफाइनरी से देश-प्रदेश ऊर्जा के क्षेत्र में बनेगा आत्मनिर्भर, राजस्थान के औद्योगिक विकास को मिलेगी नई दिशा- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

Spread the love

प्रधानमंत्री देश के पहले ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी कम पेट्रोकेमिकल कॉम्पलेक्स का करेंगे शुभारंभ- सांभरा आशापुरा मंदिर में दर्शन कर की प्रदेशवासियों के सुख समृद्धि की कामना

ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार/ परिष्कार जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को बालोतरा की पचपदरा रिफाइनरी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने रिफाइनरी परिसर और कार्यक्रम स्थल का अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने रिफाइनरी की सीडीयू , रिफाइनरी मेन कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने उन्हें रिफाइनरी की कार्यप्रणाली और यहां से तैयार होने वाले विभिन्न सह-उत्पादों के सैंपल दिखाकर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने तकनीकी व्यवस्थाओं और संचालन संबंधी पहलुओं की भी जानकारी ली। साथ ही, जनसभा स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के लिए निर्देश दिए।

आयोजन स्थल पर तैयारियों को लेकर अधिकारियों की ली बैठक – मुख्यमंत्री ने रिफाइनरी का निरीक्षण कर आयोजन स्थल पर प्रधानमंत्री की प्रस्तावित यात्रा की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक भी ली। उन्होंने आयोजन स्थल के ले- आउट सहित अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को सुरक्षा के विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी को देखते हुए जनसभा में आमजन के लिए पेयजल, बैठने की व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए, साथ ही यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग आपस में समन्वय कर पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करें। इस दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रस्तुतीकरण भी दिया।

इस दौरान मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रधानमंत्री 4 जुलाई को देश के पहले ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी कम पेट्रोकेमिकल कॉम्पलेक्स का शुभारंभ बालोतरा में करेंगे। इस रिफाइनरी के माध्यम से देश-प्रदेश ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेगा। साथ ही, यह रिफाइनरी राजस्थान के औद्योगिक विकास को नई दिशा देगी।

शक्तिपीठ मां सांभरा आशापुरा के किए दर्शन – बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने शक्तिपीठ मां सांभरा आशापुरा मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने अखंड ज्योत के दर्शन कर प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया।

इस दौरान पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत, उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री के.के विश्नोई, सांसद मदन राठौड़, विधायक हमीर सिंह भायल, डॉ अरुण चौधरी, आदूराम मेघवाल सहित जनप्रतिनिधिगण, एचपीसीएल, एचआरआरएल, जिला प्रशासन व संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *