मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना बनी पशुपालकों का सुरक्षा कवच

Spread the love

ब्यूरो चीफ रविसिंह किरार/ परिष्कार जयपुर। राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 आमजन को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। इसी क्रम में पंचायत समिति माधोराजपुरा के ग्राम मोहब्बतपुरा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर पशुपालकों के लिए राहत और सुरक्षा का माध्यम बना। शिविर में मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत पात्र पशुपालकों को योजना का लाभ प्रदान किया गया।

ग्राम निवासी बुली देवी एवं अंजली देवी ने ग्रामीण सेवा शिविर में भाग लेकर पशुपालन विभाग के अधिकारियों से मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने उन्हें योजना की उपयोगिता से अवगत कराया, जिसके बाद दोनों पशुपालकों ने अपने पशुओं का 12 अंकों का पहचान टैग लगवाया तथा खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) रोग से बचाव के लिए आवश्यक टीकाकरण भी कराया।

इसके उपरांत जन आधार कार्ड के माध्यम से दोनों पशुपालकों को मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना का निःशुल्क लाभ प्रदान किया गया। योजना के तहत उनके मूल्यवान पशुधन का बीमा किया गया, जिससे भविष्य में किसी भी आकस्मिक अथवा अप्रत्याशित नुकसान की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी।

शिविर के दौरान बुली देवी को उनकी दो गायों की बीमा पॉलिसी भी प्रदान की गई। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना पशुपालकों के लिए वरदान साबित हो रही है। उन्होंने राज्य सरकार, पशुपालन विभाग एवं ग्रामीण सेवा शिविर में कार्यरत अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंच रहा है तथा पशुपालकों को आर्थिक सुरक्षा का मजबूत आधार मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *